पत्नी और बेटा बाहर बैठे रहे, बिजली निगम के फोरमैन ने कमरे में लगा लिया फंदा, परिवार में मचा कोहराम
punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 06:57 PM (IST)
कुरुक्षेत्र, (कपिल शर्मा) : कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा शहर में बिजली निगम के एक फोरमैन ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना उस समय सामने आई जब काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर पत्नी अंदर गई और उसे फंदे पर लटका पाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान 46 वर्षीय अशोक कुमार निवासी वार्ड नंबर-8, लाडवा के रूप में हुई है। वह बिजली निगम में फोरमैन के पद पर कार्यरत थे और वर्तमान में यमुनानगर के रादौर क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि वह पिछले 4-5 दिनों से छुट्टी पर घर आए हुए थे।
परिजनों के अनुसार शनिवार सुबह अशोक कुमार ने सामान्य दिनों की तरह घर का कामकाज किया। घर में लगी आटा चक्की पर भी कुछ समय तक काम किया और बाद में अपने कमरे में चले गए। उस समय उनकी पत्नी और बेटा कमरे के बाहर बैठे हुए थे।
काफी देर तक बाहर नहीं आने पर पत्नी कमरे में पहुंची तो अशोक कुमार को पंखे से बने फंदे पर लटका हुआ पाया। इसके बाद परिजनों ने शोर मचाया और आसपास के लोगों को बुलाया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई।
मृतक की पत्नी घर पर सिलाई का काम करती है। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में रिश्तेदार व पड़ोसी उनके घर पहुंच गए।
थाना लाडवा के SHO गुरनाम सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मृतक पिछले कुछ दिनों से छुट्टी पर क्यों था और क्या वह किसी बीमारी या अन्य परेशानी से जूझ रहा था। जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)