कुरुक्षेत्र CIA-1 का बड़ा एक्शन...हत्या की साजिश रचने वाला आरोपी एनकाउंटर के बाद दबोचा, पैर में गोली लगने से घायल

punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 02:39 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र पुलिस ने ब्लॉक समिति सदस्य सचिन की हत्या की साजिश को नाकाम करते हुए मुख्य आरोपी संजय उर्फ दीपू रंधावा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी 20 जून को हुए जानलेवा हमले के बाद फरार था और अवैध हथियार लेकर सचिन की हत्या की फिराक में घूम रहा था।

सूचना मिलने पर सीआईए-1 की टीम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया।

पुलिस जांच के अनुसार ब्लॉक समिति सदस्य सचिन की एक आरोपी की पत्नी से बातचीत होती थी। इसी बात को लेकर आरोपी उससे रंजिश रखता था। 20 जून को सचिन जब गांव अरनेचा से लौट रहा था तो आरोपी संजय, आकाश, कुलदीप और नवाब ने रास्ते में उसे रोक लिया।

आरोपियों ने तलवारों और गंडासी से उस पर जानलेवा हमला किया। गंभीर रूप से घायल सचिन को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में चंडीगढ़ रेफर किया गया। इस मामले में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया था।

इस मामले में पुलिस पहले ही आरोपी नवाब को गिरफ्तार कर चुकी है। उसके कब्जे से .315 बोर का एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद हुए थे। पूछताछ में नवाब ने 20 जून की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की थी।

सीआईए-1 प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि मंगलवार रात सूचना मिली थी कि संजय उर्फ दीपू रंधावा एनएच-152 पर फूलगढ़ बस स्टैंड के पास मौजूद है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी ने तीन राउंड फायर किए, जिनमें एक गोली पुलिसकर्मी के बेहद करीब से निकली।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के घुटने के नीचे पैर में गोली लगी। उसे पहले पिहोवा के सरकारी अस्पताल और बाद में एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र भेजा गया। उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिलते ही उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। 
 

 (पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static