जनता की समस्याओं के समाधान हेतु मिलूंगा चौथी मंजिल पर सोमवार से शुक्रवार 11 से 1 बजे तक : बीबी भारती

punjabkesari.in Thursday, Nov 17, 2022 - 11:39 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के चेयरमैन के रूप में बेहद काबिले तारीफ जिम्मेदारी निभाने के बाद प्रदेश सरकार के बेहद विश्वसनीय व्यक्तित्व भारत भूषण भारती को मुख्यमंत्री मनोहर लाल का राजनीतिक सलाहकार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हरियाणा सचिवालय चंडीगढ़ की चौथी मंजिल पर बने कार्यालय में वह सोमवार से शुक्रवार नियमित तौर पर 11 से 1 बजे तक जनता के लिए बैठे मिलेंगे। पार्टी के प्रति पूरी तरह से वफादार रहे भारती के राजनीतिक अनुभव का लाभ अब सरकार की मजबूती के लिए काम करता दिखेगा। एचएसएससी बोर्ड के चेयरमैन रहते हुए आयोग में किए गए कई महत्वपूर्ण प्रयोग प्रदेश सरकार और युवाओं के लिए बेहद फायदेमंद साबित हुए हैं। बिना खर्ची-बिना पर्ची के दावे को सफल बनाने में अगर कहें तो भारती का एक महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अब इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के बाद पंजाब केसरी से बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी आगामी रूपरेखा समेत कई विषयों पर विचार साझा किए। कुछ अंश आपके सामने प्रस्तुत है:-

 

प्रश्न:- एचएसएससी के चेयरमैन पद से बिल्कुल उलट अब आपके कंधों पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार का कार्यभार है, प्राथमिकताएं क्या रहेंगी ?

उत्तर:- मैंने भारतीय जनता पार्टी के एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में सफर शुरू कर लंबे समय तक संगठन में जिम्मेदारियां निभाई है। 2015 में हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के अध्यक्ष के तौर पर जिम्मेदारी मिली, लगभग 6 वर्ष मार्च 2021 तक इसे निभाने का पूरा प्रयास रहा। अब मुख्यमंत्री जी के राजनीतिक सलाहकार के रूप में मिली जिम्मेदारी के बाद भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और आम जनमानस जो भी प्रदेश सरकार से और मुख्यमंत्री जी से अपेक्षाएं करते हैं, उनकी दुख-तकलीफ को हर कीमत पर हल करने का मेरा प्रयास रहेगा। मुख्यमंत्री तक आम आदमी की आवाज पहुंचाऊंगा। सचिवालय की चौथी मंजिल पर मिले कार्यालय में हर सोमवार से शुक्रवार 11 से 1 बजे तक नियमित रोजाना बैठने का निश्चय किया है। आम कार्यकर्ता हो या आम जनता, इस दौरान मुझसे आकर कभी भी मिल सकते हैं। उनकी समस्याओं के समाधान का हर संभव प्रयास मैं करूंगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और संगठन का आभारी हूं कि इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मुझे सौंपी गई है।

 

प्रश्न:- लेकिन यहां तक पहुंचना हर आम आदमी के लिए संभव कार्य नहीं है, क्या आपने इसके लिए कोई गाइडलाइन इत्यादि जारी की है ?

उत्तर:- दुख तकलीफों के निवारण हेतु मुख्यमंत्री महोदय ने तकनीकी तौर पर आईटी आधारित पोर्टल प्रदेश सरकार की 125 जन सेवाओं की सुविधाओं से संबंधित बनाया हुआ है। हरियाणा प्रदेश की जनता इससे बहुत लाभ उठा रही है। जनता की रूटीन की आम समस्याएं जैसे बुढ़ापा पेंशन बनवाने में आ रही समस्याओं को देखते हुए मुख्यमंत्री के दिशा निर्देश पर 60 साल की आयु होते ही परिवार पहचान पत्र को आधार मानते हुए डॉक्यूमेंटेशन पूरी होने पर अब उन्हें घर पर ही बैठे पेंशन मिलने आरंभ हुई है। इसी प्रकार सभी विभागों की सभी सेवाओं के लिए जनता को परेशानी ना हो, इसके लिए सरलीकरण किया गया है ताकि आम जनमानस को तुरंत लाभ मिले और हम आगे भी इस  प्रकार की पॉलिसी पर प्रयासरत हैं। जनता की हर प्रकार की कठिनाई को दूर करने से संबंधित ही मुझे जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

प्रश्न:- मिशन 2024 चाहे लोकसभा हो या विधानसभा को लेकर किस प्रकार की योजनाओं पर काम किया जा रहा है ?

उत्तर:- देश के प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जनता के प्रति समर्पित सरकार 125 जनकल्याण की योजनाओं को  जिनके लिए सरल भाषा में लाभार्थी शब्द का प्रयोग करते हैं मिशन 2024 में भी इसी प्रकार की योजनाओं को लेकर हरियाणा सरकार का प्रयास है। जनता की कठिनाइयों को दूर करने के लिए पोर्टल बना दिए गए हैं। जिनकी लगातार हम लोग फीडबैक भी ले रहे हैं। स्वयं मुख्यमंत्री जनता के दुख तकलीफों को जानने के लिए लगातार जिला स्तर और विधानसभा लेवल पर जाकर जनता और कार्यकर्ताओं से मिलते रहते हैं। हमारी गठबंधन सरकार जन कल्याण के लिए समर्पित है। सरकार का उद्देश्य वेलफेयर स्टेट (कल्याणकारी राज्य) का होता है जिसका मतलब है कि जस्टिस एट द डोर यानि जनता को चलकर चंडीगढ़ सचिवालय तक ना आना पड़े। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने इसी प्रकार के कठिन प्रयास पिछले 8 वर्षों में करते हुए लगभग सभी सेवाओं को ऑनलाइन किया है। आज नौकरी के आवेदन के लिए किसी को चंडीगढ़ आने की आवश्यकता नहीं है। किसी प्रकार की कठिनाई भी आती है तो पोर्टल पर दर्ज करने का प्रावधान है। उसी के माध्यम से निवारण भी होता है। जनता की तकलीफ को दूर करने के लिए और समय पर सुविधाएं प्राप्त करवाने हेतु स्वयं मुख्यमंत्री प्रयासरत हैं। मिशन 2024 को अचीव करने में हमारे जो भी उद्देश्य हैं और उसमें जो भी संसाधन है उन्हें सकारात्मक रूप से प्रयोग करते हुए मिशन 2024 के तहत भारतीय जनता पार्टी का नरेंद्र मोदी और मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकारे बनना तय है। वेलफेयर स्टेट के तहत जनकल्याण करते हुए हम हर कीमत पर उसे अचीव करेंगे, ऐसी मेरी धारणा और मेरा विश्वास है।

 

प्रश्न:- युवा वर्ग को रोजगार देने को लेकर सीईटी परीक्षा को इस नजर से देखते हैं ?

उत्तर:- कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट उम्मीदवारों को दो प्रकार से लाभ देता है, उन्हें बार-बार ऑनलाइन फार्म भरने, बार-बार फीस देने से उम्मीदवार को निजात मिलती है। यह वन टाइम रजिस्ट्रेशन है। ग्रुप सी की सभी सेवाओं और नौकरियों में एक ही बार एग्जाम देना होता है। अभी हुए सीईटी का रिजल्ट सरकार और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा तय मापदंड के मुताबिक आने वाला है। इसके बाद सी ग्रुप की सभी पोस्ट चाहे अकाउंटेंट की हो, टीजीटी अध्यापक की हो इनके विज्ञापन अखबार में दिए जाएंगे। एचटेट की तरह ही सीईटी मे भी भी मापदंड है, सीईटी क्वालीफाई करने वाले बच्चों को नौकरी के अनुसार दोबारा अप्लाई करना होगा। फिर से दोबारा एक टेस्ट होगा। नौकरी के अनुसार क्वालिफिकेशन के हिसाब से वह टेस्ट क्लियर करेगा।

 

 

 प्रश्न:- सोशल मीडिया पर सीईटी को क्वालीफाइंग टेस्ट बनाने पर भी जोर युवा दे रहे हैं, इस पर जरा प्रकाश डालें ?

उत्तर:- यह एक क्वालीफाइंग टेस्ट ही है। जिस प्रकार से एस्टेट टेस्ट है, शिक्षक भर्ती में इसे क्वालीफाइंग करने के बाद ही अप्लाई करने का मौका मिलता है। इसी प्रकार का ही यह ग्रुप सी से संबंधित क्वालीफाइंग टेस्ट है।

 

 प्रश्न:- सीईटी क्वालीफाई करने वाले बच्चों को क्या फिर से परीक्षा में बैठना होगा ?

उत्तर:- शिक्षक भर्ती चाहे टीजीटी की हो या पीजीटी की हो, एचटेट क्लियर करने वाला ही उसे अप्लाई कर सकता है। एचटेट क्वालीफाइंग टेस्ट है। बार-बार एप्लीकेशन देना -फीस देना और बार-बार एग्जाम देने से अब उम्मीदवार को निजात मिलेगी। यह सरकार की तो एक बड़ी बचत है ही, साथ ही  नौजवानों को भी आर्थिक रूप से बहुत सहूलियत मिली है।

 

प्रश्न:- मिशन 2024 में चुनावी मुकाबला किससे होने वाला है ?

 उत्तर:- आदमपुर उपचुनाव का रिजल्ट आपके सामने है। छोटा भाई भव्य बिश्नोई बहुत भारी अंतर से चुनाव जीता है, यह भाजपा की बड़ी जीत है। इन्हीं बातों से ट्रेंड सेट होता है। जीत ने यह तय कर दिया है कि हरियाणा की जनता ने गठबंधन को बहुमत देने का मन बना लिया है। मेरे अनुसार जनता का संदेश है कि आप आगे बढ़ो, हम आपके साथ हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने हरियाणा को विकास की तेज रफ्तार दी है, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज हर तरह से देश मजबूत हुआ है, आदमपुर विधानसभा पूरी तरह से ग्रामीण क्षेत्र है, वहां से कमल खिलने का मतलब साफ है कि हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। मुझे आशा है कि यही ट्रेंड 2024 में रहने वाला है और मुकाबला कांग्रेस के साथ होने की संभावना है।

 

प्रश्न:- गुटबाजी की शिकार कांग्रेस में हुड्डा- उदयभान की जोड़ी के सामने शैलजा- सुरजेवाला और किरण की तिगड़ी नजर आ रही है, इस बारे में अपने विचार प्रकट करें ?

उत्तर:- यह कांग्रेस पार्टी का आंतरिक मामला है। वह लोग क्या कर रहे हैं इससे हमें कोई लेना देना नहीं है। कांग्रेस में एक ऐसा घटनाक्रम चल रहा है कि कांग्रेस थोड़े ही समय में अपने आप समाप्त हो जाएगी। एक तरफ भारत जोड़ो यात्रा चल रही है तो दूसरी तरफ कांग्रेस में कांग्रेस तोड़ो प्रक्रिया चल रही है। हालांकि यह उनकी पार्टी का आंतरिक विषय है। इसलिए हमें कुछ ज्यादा बोलने की आवश्यकता नहीं है। यह कांग्रेस का अपना फैसला होगा कि 2024 का चुनाव वह किन परिस्थितियों में लड़े। कांग्रेस एक डूबता जहाज है और डूबते जहाज में से सभी यात्री उतर उतर कर भाग रहे हैं और दूसरी तरफ प्रदेश सरकार की जनहित की नीतियों से जनता लाभान्वित हो रही है। हरियाणा आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस से हमें कुछ लेना देना नहीं है। कांग्रेस ने अपना घर संभालना है। हमारा देश और प्रदेश कल्याणकारी नीतियों के साथ जनता के सहयोग और जनता के लिए लगातार प्रयासरत है और भारतीय जनता पार्टी इसी विकास के बल पर आगे बढ़ रही है। आदमपुर उपचुनाव ने एक उदाहरण पेश कर दिया है कि ऐसी विषम परिस्थितियों में भारतीय जनता पार्टी का कमल खिला है और भारतीय जनता पार्टी का वर्चस्व प्रदेश- देश में कायम है।

 

प्रश्न:- किरण चौधरी कि भाजपा में एंट्री की अटकलों पर प्रकाश डालें ?

उत्तर:- यह बात तो बहन किरण ही बता सकती है। हम इस बारे कुछ कहे यह उचित नहीं है। लेकिन भाजपा में किसी भी दल से अच्छे कार्यकर्ता के आने की इच्छा के चलते हमारा केंद्रीय नेतृत्व ही फैसला करने में सक्षम है और किरण का फैसला भी वही करेंगे।

 

प्रश्न:- पंजाब में सरकार बनाने के बाद उत्साहित हुई आम आदमी पार्टी का हरियाणा में क्या भविष्य देखते हैं ?

उत्तर:- आदमपुर चुनावों में इन्हें कितने वोट मिले, यह सबके सामने है। पंजाब में बेशक भारी बहुमत इन्हें मिला है, लेकिन प्रधानमंत्री के गृह क्षेत्र में लोकसभा के चुनाव के नतीजे सबने देखे और पंजाब में आज की दुर्दशा किसी से छुपी नहीं है। हरियाणा की जनता ने "आप" को नकार दिया है। इस उपचुनाव में जमानत बचाने तक के भी इन्हें लाले पड़ गए।

 

 प्रश्न:- 1980-90 के दशक के आतंकवाद जैसे हालात आज फिर से पंजाब में दिख रहे हैं, आए दिन साधु-संतों की हत्याओं पर क्या कहेंगे ?

उत्तर:- वास्तव में पंजाब में आज ला एंड आर्डर की स्थिति बेहद चिंताजनक है। बॉर्डर स्टेट होने के नाते वहां की सरकार को विशेष ध्यान देना चाहिए। केंद्र सरकार पूरी तरह से स्वेदनशील है। पंजाब में स्थिति आज ज्यादा सुखद नहीं है। पंजाब सरकार ना ही ला एंड आर्डर संभाल पर रही है और ना ही जनकल्याणकारी नीतियों की ओर अग्रसर है। यह लोग आपस में उलझे हुए हैं। भविष्य में हरियाणा में इनका कोई आधार नहीं है। हरियाणा की जनता इन्हें कोई ज्यादा तोलमोल के भाव नहीं देने वाली।

 

 प्रश्न:- पंजाब और गुजरात के चुनावी रण में कूदी आम आदमी पार्टी को लेकर क्या कहेंगे ?

उत्तर:- हमारे देश में लोकतांत्रिक प्रक्रिया है। हर दल को अपना प्रचार और विस्तार करने का अधिकार है। इलेक्शन में कोई भी दल अपनी शक्ति-अपने स्वरूप के अनुरूप काम करने के लिए नियमानुसार स्वतंत्र है। इसी तरह गुजरात और हिमाचल में भी आम आदमी पार्टी लगी रही। यह हेल्थी डेमोक्रेसी का एक उदाहरण है। लेकिन फैसला जनता ने करना है। जनता जनार्दन का डिसीजन सभी को मानना होगा और जनता का फैसला केंद्र में मोदी और हरियाणा में मनोहर लाल के साथ है। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)  

 

 

 

 

 

 

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ajay Kumar Sharma

Recommended News

Related News

static