जल्द होगा अफसरशाही में बदलाव, तबादला सूची पर मंथन शुरू

punjabkesari.in Monday, Aug 14, 2017 - 09:35 AM (IST)

चंडीगढ़:हरियाणा की खट्टर सरकार जल्द ही अफसरशाही में बड़े बदलाव की तैयारी में है। इस फेरबदल में दर्जनों आई.ए.एस., आई.पी.एस. व एच.सी.एस. अफसरों के स्थानांतरण की चर्चाएं हैं। बताया गया कि तबादला सूची पर मंथन शुरू हो गया है, जिसमें मुख्यमंत्री कार्यालय में डिप्टी प्रिंसीपल सैक्रेटरी के पद को लेकर लॉबिंग शुरू हो गई है। गत दिनों डिप्टी प्रिंसीपल सैक्रेटरी भूपेंद्र सिंह का तबादला निदेशक पूर्ति एवं निपटान और एम.डी. डेयरी विकास प्रसंघ के पद पर किया गया था। वहीं आई.पी.एस. अफसरों के भी तबादले की तैयारी है, जिसमें सिरसा और जींद में नए एस.पी. की नियुक्ति सहित कई जिलों के पुलिस कप्तानों को इधर से उधर किया जा सकता है। इसके अलावा करीब 2 दर्जनों एच.सी.एस. अफसरों की सूची भी तैयार की जा रही है, इनमें आर.टी.ए. पद से हटाए गए एच.सी.एस. अफसरों को नई पोस्टिंग दी जाएगी।

सूत्रों की मानें तो इस बार भी डिप्टी प्रिंसीपल सैक्रेटरी पद पर किसी जूनियर आई.ए.एस. की नियुक्ति की जा सकती है, लेकिन अभी तक किसी अफसर के नाम की चर्चाएं सार्वजनिक नहीं हो सकी है। इसके अलावा कई ए.सी.एस. व प्रमुख सचिव स्तर के अफसरों के भी बदलने की चर्चाएं चल रही हैं। आई.पी.एस. अफसरों में कई जिलों में पुलिस अधीक्षकों की तैनाती के अलावा कई रेंज के आई.जी. को भी बदला जा सकता है।

गुड़गांव पुलिस कमिश्नर पद पर भी कई अफसरों की नजरें हैं। वहीं एच.सी.एस. अफसरों की स्थानांतरण सूची पर खास मंथन हो रहा है, जिसमें आर.टी.ए. से पदमुक्त किए गए अफसरों को नई पोस्टिंग देने के साथ ही कई एस.डी.एम. को इधर से उधर किया जा सकता है। सरकार के उच्चपदस्थ सूत्रों की मानें तो 15 अगस्त के बाद किसी भी दिन सूची जारी कर दी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static