शादी का झांसा देकर नाबालिग से रेप, संबंध बनाने के बाद किया शादी से इंकार
punjabkesari.in Monday, Sep 29, 2025 - 11:21 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): शादी का झांसा देकर नाबालिग को घर से भगा ले जाने और उसके साथ रेप किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि संबंध बनाने के बाद आरोपी ने उससे शादी करने से इंकार कर दिया। इस पर पीड़िता ने अपने घर लौटकर अपनी मां को आपबीती बताई जिसके बाद मां ने सेक्टर-51 महिला थाना पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज कराया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से वेस्ट बंगाल की रहने वाली महिला ने बताया कि वह वर्तमान में वजीराबाद की झुग्गियों में रहती है। उसकी नाबालिग बेटी को उनके पड़ोस में रहने वाला राखिबुल खान उर्फ सोनू भगा कर ले गया था। आरोपी ने करीब छह महीने पहले वारदात को अंजाम दिया। उसने पुलिस को बताया कि आरोपी ने करीब एक साल पहले उनकी 17 साल की बेटी के साथ दोस्ती की और शादी करने का वादा किया। आरोपी उसे बहला फुसलाकर 25 सितंबर को अपने साथ ले गया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी ने उससे शादी करने से इंकार कर दिया। इस पर 26 सितंबर को उनकी बेटी वापस घर लौट आई और आपबीती बताई। इस पर महिला ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137, 64(1) व 4 पोस्को एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
वहीं, सेक्टर-40 थाना पुलिस को दी शिकायत में एक महिला ने बताया कि उसकी पहचान सेक्टर-31 के रहने वाले चेतराम उर्फ अंकित के साथ हुई थी। अंकित ने उससे शादी करने का वादा कर 1 नवंबर 2024 को शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह उसे शादी का झांसा देकर लगातार रेप करता रहा। 1 जुलाई 2025 तक आरोपी ने उसे झांसा देकर संबंध बनाए। अब शादी करने से इंकार कर दिया। इस शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2), 69 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।