हरियाणा में महिला पुलिसकर्मी घूस लेते गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने बिछाया ऐसा जाल...पैसे पकड़ते ही धराया
punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 11:02 AM (IST)
हरियाणा डेस्क : राज्य सतकर्ता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवीएंडएसीबी) फरीदाबाद ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कारर्वाई करते हुए थाना सदर तावड़ू, जिला नूंह में तैनात महिला पुलिसकर्मी एल/एचसी प्रियंका को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
आरोपी पुलिसकर्मी ने शिकायतकर्ता का नाम दर्ज प्राथमिकी की जांच से हटाने के एवज में कुल 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। एसवीएंडएसीबी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि थाना तावड़ू में दर्ज प्राथमिकी की जांच से उसका नाम हटाने के बदले महिला पुलिसकर्मी 20 हजार की रिश्वत मांग रही थी।
शिकायत के अनुसार, आरोपी से पहले ही पांच हजार रुपये रिश्वत के रूप में ले चुकी थी और शेष 15 हजार रुपये की मांग कर रही थी। शिकायत की पुष्टि के बाद एसवीएंडएसीबी फरीदाबाद ने नियमानुसार आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। कारर्वाई के दौरान एल/एचसी प्रियंका को शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में गुरुवार को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा सात के तहत थाना एसवीएंडएसीबी, गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है