अश्लील ऑडियो भेजकर युवती को दी धमकी, केस दर्ज
punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 08:44 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): बिलासपुर थाना क्षेत्र में एक युवती को फोन कॉल और व्हाट्सएप के जरिए अश्लील बातें कहने तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस को दी शिकायत में युवती ने कहा कि 13 जुलाई को उसके मोबाइल नंबर पर दो अलग-अलग नंबरों से कई बार फोन कॉल आईं। फोन उठाने पर कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम संदीप बताया और उसके साथ अभद्र एवं अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया। जब उसने फोन उठाना बंद कर दिया तो आरोपी ने व्हाट्सएप पर गंदी ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजनी शुरू कर दी। युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान कर रहा है और घर से बाहर निकलने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहा है। उसने कहा कि वह आरोपी को पहले से नहीं जानती और उसे यह भी नहीं पता कि उसके मोबाइल नंबर की जानकारी आरोपी को कहां से मिली।
मामले की शिकायत मिलने के बाद जमालपुर पुलिस चौकी ने प्रारंभिक जांच की। इसके बाद बिलासपुर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एलएचसी नीरज कुमारी ने कहा कि पुलिस आरोपी की पहचान और उसके मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है। साथ ही व्हाट्सएप पर भेजे गए ऑडियो संदेशों और कॉल रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।