मेरे लोकसभा क्षेत्र में हजारों करोड़ की परियोजनाओं पर हुआ है काम : कटारिया

punjabkesari.in Thursday, Jan 27, 2022 - 04:37 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी) : प्रदेश के सबसे वरिष्ठ भाजपा नेताओं की फेहरिस्त में शुमार एवं बेहद मुखर वक्ता पूर्व केंद्रीय मंत्री सांसद रतन लाल कटारिया द्वारा अपने लोकसभा क्षेत्र में किस-किस प्रकार के विकास कार्य करवाने में सफल रहे हैं और आगामी 2 साल के बचे कार्यकाल में किस प्रकार की सोच को लेकर रोडमैप तैयार कर चुके हैं, इन महत्वपूर्ण विषयों को लेकर पंजाब केसरी ने कटारिया से विशेष बातचीत की। जिसके कुछ आपके सामने प्रस्तुत हैं:-

प्रश्न : बतौर सांसद आपने अपने लोकसभा क्षेत्र अंबाला में क्या-क्या नए प्रोजेक्ट शुरू करवाएं ?
उत्तर : 
अंबाला में वीएलडीए का कॉलेज आया है। मां सरस्वती के उद्गम स्थल  के उत्थान को लेकर काम चल रहा है। फिर से सरस्वती बहेगी। मेरे लोकसभा क्षेत्र के पंचकूला एरिया के टिक्कर ताल में बहुत से वाटर एडवेंचर गेम्स शुरू किए गए। क्षेत्र के लोगों को होम स्टे की पॉलिसी के अंतर्गत बेहद लाभ मिलेगा। लोगों को रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे। अंबाला से लेकर कैथल तक फोर लाइन एक ऐतिहासिक कार्य हैं। अंबाला में एक कॉरिडोर बनाया जा रहा है। प्रदेश के गृह - स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज भी पूरी तरह से अग्रणीय भूमिका निभाते हैं। अंबाला कैंट में एक योद्धा स्मारक बनाया जा रहा है। मैं इस बार लोक सभा सेशन में अंबाला को लॉजिस्टिक हब और टैक्सटाइल हब बनाने की मांग करूंगा। अंबाला दिल्ली से केवल 200 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद है। दिल्ली - गुड़गांव - फरीदाबाद में भारी भीड़ को देखते हुए आने वाले समय में बेहद लाभ अंबाला के विकास करने से हो सकता है। पंजाब- चंडीगढ़- दिल्ली -हिमाचल और हरियाणा के लिए यह एक महत्वपूर्ण शहर है। इसलिए इसका विकास होना जरूरी है।

प्रश्न : टैक्सटाइल हब बनाने से क्या फर्क देखते हैं ?
उत्तर : 
इससे यहां रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। यहां करीब 3000 करोड रुपए का टर्नओवर कपड़े मार्केट से है। यहां की इंडस्ट्री को अप करना हमारे क्षेत्र के लिए गेम चेंजर की भूमिका निभाएगी। पंचकूला मेट्रोपॉलिटन सिटी बनने के बाद हम चाहते हैं कि चंडीगढ़ की तर्ज पर एक्सपर्ट राय मशवरा से पंचकूला को तैयार करें। आयुर्वेदिक यूनिवर्सिटी- सैनिक स्कूल इत्यादि काफी अच्छे काम यहां पर हुए।

प्रश्न : अगले 2 साल का आप का रोड मैप क्या है ?
उत्तर : 
हम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकर्ता हैं। देश के प्रधानमंत्री ने जो बीड़ा देश में विकास का उठाया है उसे लेकर पूरे विश्व में देश की वाहवाही हो रही है। हम देश को डिजिटल बनाने जा रहे हैं। हमारी कंपनियां देश को आगे बढ़ाने के लिए दिन-रात लगी हुई हैं। यहां वर्चुअल कैपिटल इन्वेस्टमेंट इतना अधिक आया है कि आज देश में 70 यूनिकॉर्न हैं, एक यूनिकॉर्न में 10 हजार करोड़ की इन्वेस्टमेंट होती है।  हम हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। आज देश के किसानों की आमदनी को दोगुना करने पर लगातार काम किया जा रहा है। पिछले बजट में भी 158000 करोड रुपए सड़कों के लिए, हेल्थ के लिए 223000 करोड रुपए रखे गए, यह 137 फ़ीसदी की बढ़ोतरी है। इस बजट में हम अपने क्षेत्र की काफी मांग उठाएंगे।

प्रश्न : पंचकूला मेट्रोपॉलिटन सिटी बनने के बाद कितना विकास मानते हैं ?
उत्तर : 
प्रदेश का यह गुड़गांव और फरीदाबाद के बाद तीसरा मेट्रोपॉलिटन सिटी है। पहले गुड़गांव में भी खास विकास नहीं था। आज देश के चुनिंदा शहरों में शुमार है। आज हजारों करोड़ रुपए की इन्वेस्टमेंट गुड़गांव में हो रही हैं। पंचकूला का मेट्रोपॉलिटन सिटी बनने के बाद यहां फार्मा हब बनना तय है। पहले हिमाचल प्रदेश के बद्दी में यह इंडस्ट्री इसलिए आई थी क्योंकि इन्हें काफी रियायतें मिलती थी। लेकिन अब रियायतें नहीं मिलती। आज यह इंडस्ट्री पंचकूला की तरफ बढ़ रही हैं। हम लगातार अपने क्षेत्र को आगे बढ़ाने की तरफ बढ़ेंगे।

प्रश्न : पिंजौर की एचएमटी सेब की मंडी बनाने को लेकर अपने कदम बढ़ाए थे। आज वह योजना किस स्टेज पर है ?
उत्तर : 
हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हमारे प्रदेश में जब आए तो हमारे मुख्यमंत्री ने उनके सामने प्रपोजल रखे कि हरियाणा और हिमाचल दोनों मिलकर आगे बढ़े ताकि दोनों देशों का विकास हो सके। सेब मंडी को लेकर जितना काम होना चाहिए था अभी तक नहीं हुआ। आने वाले समय में हम इस और भी बढ़ेंगे।

प्रश्न : यमुनानगर आपके लोकसभा क्षेत्र में है। वहां के बर्तन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए आप क्या करेंगे ?
उत्तर : 
जगाधरी का बर्तन उद्योग पूरे विश्व में विख्यात है। लेकिन यह उद्योग इन्हीं कारणों से दूसरे राज्यों में शिफ्ट हुआ है। हमारी नजर इस उद्योग पर है।हम इसे बढ़ाने को लेकर भी रोड मैप तैयार करेंगे।

प्रश्न : ग्रामीण आंचल में विकास को लेकर आपकी सोच क्या है ?
उत्तर : 
प्रधानमंत्री सड़क योजना, मनरेगा इत्यादि के अंदर ग्रामीण आंचल में लगातार काम किया जा रहा है। यमुनानगर से पोंटा साहिब, शहजाद पुर- नारायणगढ़ मार्ग इत्यादि के लिए अच्छे रोड बनाने के भी हम प्रयास कर रहे हैं।

प्रश्न : सड़कों और रेलवे के नेटवर्क को और अधिक सुदृढ़ करने के बारे आपकी सोच क्या है ?
उत्तर : 
मैं यमुनानगर - चंडीगढ़ रेलवे लाइन के लिए लगातार प्रयासरत हूं। जिस में थोड़ी कामयाबी भी मिली है। यमुनानगर - करनाल रेलवे लाइन को हरी झंडी मिल चुकी है। यमुनानगर से पटियाला वाया कुरुक्षेत्र पेहवा बारे भी मेरी यही सोच है। बद्दी जाने के लिए रेलवे लाइन बिछाने को लेकर ढाई सौ करोड रुपए आ चुके हैं। मुआवजा बांटने के बाद इस पर स्पीड से काम करवाया जाएगा।

प्रश्न : बेरोजगारी को खत्म करने के लिए आपके किस प्रकार के प्रयास हैं ?
उत्तर : 
सभी को परमानेंट रोजगार नहीं दिया जा सकता। लेकिन रोजगार के अवसर पैदा करने के प्रयास किए जा सकते हैं। स्टार्टअप नौजवानों के लिए एक बहुत बड़ा मौका है। लगातार इस और आगे बढ़ रहे हैं। हम नौजवानों को नौकरियां मांगने की बजाय नौकरियां देने वाले बनाने की सोच में है। जॉब प्रोवाइडर बनाने की हमारी सोच है। पिछले 7 साल में हरियाणा प्रदेश में 70000 रोजगार दिए गए हैं। आने वाले समय में भी रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे। हमने महिलाओं को मिलिट्री में फाइटर लेडी का मौका दिया है। हम पूरे देश में लगातार अच्छी सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Recommended News

Related News

static