World Environment Day: एक पुलिसकर्मी जो पूरी सैलरी पौधों पर करता है खर्च, कौन हैं हरियाणा के देवेंद्र सूरा?
punjabkesari.in Thursday, Jun 05, 2025 - 06:18 PM (IST)

हरियाणा डेस्क : विश्व पर्यावरण दिवस पर आज हम बात करेंगे हरियाणा के ऐसे पर्यावरण प्रेमी की, जिसने सरकारी नौकरी के साथ भी प्रकृति को संजो कर रखा। सोनीपत जिले के गांव जागसी के रहने वाले देवेंद्र सूरा हरियाणा में ऑक्सीजन बागों के शिल्पकार के नाम से जाने जाते हैं। "एक पेड़-एक जिंदगी" के संदेश के साथ वह पर्यावरण बचाने की मुहिम में जुटे हुए हैं। अब तक देवेंद्र 2.16 लाख से ज्यादा पौधे लगा चुके हैं। इनके द्वारा लगाए गए 26 ऑक्सीजन बाग तैयार कर चुके हैं।
देवेंद्र सूरा ने अपने जिले सोनीपत के अलावा झज्जर, करनाल, महेंद्रगढ़ व चरखी दादरी में कई जगह ऑक्सीजन बाग तैयार कर चुके हैं। सोनीपत के गांव भटगांव, खेवड़ा, दीपालपुर, राजपुर, हुल्लाहेड़ी में भी उनकी पहल जोर पकड़ चुकी है। इनके काम की प्रशंसा कई लोग कर चुकें हैं। मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी इनकी जमकर तारीफ भी कर चुके हैं। यूट्यूबर ध्रुव राठी इनकी मेहनत, लगन और पर्यावरण के प्रति प्रेम पर स्पेशल वीडियो भी बना चुके हैं।
पूरी सैलरी करते हैं पेड़-पौधों पर खर्च
चंडीगढ़ पुलिस में कार्यरत देवेंद्र सूरा 2014 से पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम में जुटे हैं। वह मिलने वाले पूरे वेतन को पौधरोपण में खर्च कर देतें हैं। उनके लगाए पौधों से विभिन्न प्रजातियों के पक्षी भी वास करने लगे हैं। इस अभियान में आसपास के कई युवा भी उनके साथ जुड़ चुके हैं और आज हजारों लोग पर्यावरण संरक्षक बन चुके हैं। सूरा अब दिल्ली की तर्ज पर सोनीपत में घना वन क्षेत्र विकसित करने की योजना पर काम कर रहे हैं। इसके लिए वे निगम क्षेत्र की खाली जमीनों पर NOC लेकर पौधरोपण कर रहे हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)