पहलवान से बना क्रिमिनल...3 साल से फरार राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी अमित श्योराण गिरफ्तार, झारखंड से अफीम लाकर करता था सप्लाई

punjabkesari.in Friday, Aug 21, 2026 - 02:06 PM (IST)

रोहतक : दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और झारखंड पुलिस ने ज्वाइंट ऑपरेशन में मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में भगोड़ा घोषित किए गए  राष्ट्रीय स्तर के पहलवान को गिरफ्तार किया है। उसे 2023 में झारखंड में भगोड़ा घोषित किया गया था। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान हरियाणा के रोहतक जिले के निवासी अमित श्योराण (31) के रूप में हुई है, जिसे मंगलवार रात उत्तर पश्चिमी दिल्ली के मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन के निकट गिरफ्तार किया गया।आरोपी झारखंड के धुर्वा (तुपुदाना) थाने के NDPS मामले में वांटेड था। आरोपी को 6 दिसंबर 2023 को अपराधी घोषित किया गया था। 

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह दिल्ली-हरियाणा के अखाड़ों में पहलवानों को अफीम सप्लाई करता था। आरोपी अमित श्योराण जब 14 वर्ष का था तभी से उसने कुश्ती शुरू की थी। वह राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुका है। पुलिस ने बताया कि उसने 2013 में कन्याकुमारी में आयोजित राष्ट्रीय कैडेट कुश्ती चैंपियनशिप में तीसरा स्थान हासिल किया था।

झारखंड से अफीम खरीदकर दिल्ली व हरियाणा के पहलवानों को बेचता था

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पहले वह रंजीत के जरिए अमित रांची के तस्करों के बड़े नेटवर्क से जुड़ा। फिर बाद में वह झारखंड से अफीम खरीदकर दिल्ली व हरियाणा के पहलवानों को बेचता था। उस पर झारखंड के राजेश नाग से अफीम लेकर दिल्ली और हरियाणा में सप्लाई करने का आरोप है।

आरोपी पर 6 आपराधिक मामले दर्ज

सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी निगरानी और ह्यूमन इंटेलिजेंस के जरिए आरोपी अमित की लोकेशन का पता लगाया था। बाद में 18 अगस्त की रात करीब 10 बजे मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन के पास ट्रैप लगाकर उसे गिरफ्तार किया गया। बता दें कि अमित श्योराण के खिलाफ दिल्ली और झारखंड में 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या की साजिश, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी और NDPS एक्ट के मामले शामिल हैं।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)                 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static