Yamuna Nagar News: बंदर बने यमुनानगर के ‘दहशतगर्द’, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, हाईवे किया जाम
punjabkesari.in Sunday, Jun 15, 2025 - 04:25 PM (IST)

यमुनानगर (परवेज खान) : यमुनानगर में बंदरों के आतंक से परेशान ग्रामीणों ने सहारनपुर दिल्ली हाईवे को पूरी तरह से जाम कर दिया और प्रशासन को चेतावनी दे दी। ग्रामीणों ने बताया कि बंदर कभी भी किसी पर हमला कर देते हैं, जिससे अब तक कई लोग घायल हो चुके हैं। वे घरों में घुसकर अनाज की बोरियों को फाड़ देते हैं और महिलाओं और बच्चों पर हमला कर देते हैं।
गांव की रहने वाली शिवानी ने बताया कि छत पर कपड़े सुखाने के दौरान बंदरों ने उन पर हमला कर दिया था। उनकी बाजू और कमर पर गहरे घाव आए हैं। वहीं, एक छोटी बच्ची को बंदरों ने छत से धक्का दे दिया, जिससे उसके चेहरे और हाथ पर चोट आई है। लोगों ने बताया कि वे दशकों से गांव में रह रहे हैं, लेकिन पहले ऐसी समस्या कभी नहीं थी। अब बंदर झुंड में आकर पेड़ों पर उछलकूद करते हैं और घरों में घुसकर उत्पात मचाते हैं। कई बार बच्चों और महिलाओं को काटकर घायल कर चुके हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन को दी चेतावनी
ग्रामीणों ने पहले भी मुख्यमंत्री, जिला उपायुक्त और पुलिस प्रशासन को शिकायतें दी थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे आने वाले सप्ताह में फिर से बड़ी संख्या में सड़क पर उतरेंगे और जब तक समाधान नहीं होगा, जाम हटाने नहीं देंगे। जाम की सूचना मिलते ही फरकपुर पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी इरशाद ने जल्द ही लोगों को आश्वासन दिलाया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र अति शीघ्र समाधान कर दिया जाएगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)