डॉक्टर की लापरवाही से गई यूके नागरिक की जान, केस दर्ज
punjabkesari.in Saturday, Nov 05, 2022 - 02:41 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो) : आर्टिमिस अस्पताल में भर्ती कराए गए मरीज की जान के साथ डॉक्टरों ने इस कदर खिलवाड़ किया कि उसे अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। मृतक यूनाइटेड किंगडम का रहने वाला था और गुड़गांव में म्यूजिक सीखने के लिए आया हुआ था। मामले की जानकारी जब स्वास्थ्य विभाग को लगी तो मेडिकल नेगलिजेंस बोर्ड ने मामले की जांच की जिसमें अस्पताल के डॉक्टर दोषी पाए गए। इस पर सेक्टर-50 थाना पुलिस ने अस्पताल के डॉक्टरों के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 ए, 34 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
गुरुग्राम की खबरों के लिए इस लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, चंडीगढ़ निवासी अतुल कटारिया ने बताया कि उनका बेटा अमित कटारिया (22) यूनाइटेड किंगडम में रहता था। वह म्यूजिक सीखने के लिए गुड़गांव आया था और सेक्टर-66 के पाम ड्राइव सोसाइटी में रहता था। 10 मई को उनका बेटा कार लेकर बेसमेंट की पार्किंग में जा रहा था कि उसकी कार के ब्रेक पैडल के नीचे सेनेटाइजर की बोतल आ गई जिसके कारण ब्रेक नहीं लग पाई और कार दीवार को तोड़ते हुए जनरेटर से जा टकराई। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसे इलाज के लिए आर्टिमिस अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अतुल कटारिया ने आरोप लगाया कि इलाज के दौरान अस्पताल के डॉक्टर साकेत, डॉ संजीव, डाॅ केतन, डॉ रविकिरण ने इलाज में लापरवाही बरती जिसके कारण अमित के चेहरे पर सूजन आ गई थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस को जब मामले में शिकायत मिली तो पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। इसके साथ ही मामले की जांच के लिए पुलिस ने मेडिकल नेगलीजेंस बोर्ड को लिखा था। जांच में अस्पताल के डॉक्टरों की लापरवाही साबित हो गई जिसके बाद पुलिस ने शुक्रवार को केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।