दुर्गा कालोनी की मुख्य गली में सीवरेज ओवरफ्लों के कारण लोग परेशान

punjabkesari.in Monday, Nov 11, 2019 - 12:27 PM (IST)

जींद (स.ह.) : दुर्गा कालोनी की मुख्य गली में सीवरेज ओवरफ्लो की गंभीर समस्या बनी हुई है। यह गंभीर समस्या करीब 15 दिनों से बनी हुई है। इसको लेकर लोग जन स्वास्थ्य विभाग को शिकायत कर चुके हैं वहीं 2 बार ऑनलाइन चंडीगढ़ की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत करने के बावजूद विभाग अधिकारी और कर्मचारियों ने अब तक मौके पर आकर देखा तक नहीं है। इसके कारण गली के लोगों में अधिकारियों के प्रति गहरा रोष है। 

रविवार को दुर्गा कालोनी की मुख्य गली के लोगों ने विभाग अधिकारियों के खिलाफ रोष प्रकट किया। इस दौरान गली वासी अनिल बंसल, संतोष, सोनी, कमलेश, जोगिंद्र, आरजू, अन्नु व सत्यवान ने बताया कि उनकी गली में करीब 15 दिनों से सीवरेज ओवरफ्लो है। इसके कारण गली में सीवरेज का पानी भर गया है। गली से निकलना काफी मुश्किल हो रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है, क्योंकि वहां से पैदल तो बिल्कुल भी नहीं जाया जा सकता। 

गली के लोगों ने जन स्वास्थ्य विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी गली में हो रहे सीवरेज ओवरफ्लो को जल्द नहीं रोका गया तो दोबारा से विभाग के खिलाफ रोष प्रकट किया जाएगा। वह सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या को लेकर काफी परेशान हो चुके हैं। इस मामले में जन स्वास्थ्य विभाग के एस.डी.ओ. दीपक शर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि कर्मचारी को मौके पर भेजा जाएगा और उनकी समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static