300 रुपए में लड़का होने की दवाई देने वाला काबू
punjabkesari.in Wednesday, Dec 30, 2015 - 11:02 AM (IST)

कैथल (पराशर): सिविल सर्जन एवं जिला समुचित प्राधिकारी डा. वंदना भाटिया द्वारा गठित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर हरनौला गांव में अवैध तरीके से लड़का होने की दवाई देने वाले सेवा सिंह पुत्र गुरमुख सिंह के मकान पर छापा मारा और सेवा सिंह को 300 रुपए में लड़का होने की दवाई देते हुए पकड़ लिया। विभाग द्वारा इसके खिलाफ पी.सी.पी.एन.डी.टी. एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए एफ.आई.आर. दर्ज करवाई गई। इसके उपरांत सेवा सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम की अध्यक्षा एवं उप सिविल सर्जन डा. नीलम कक्कड़ ने बताया कि विभाग को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि सेवा सिंह द्वारा अवैध तरीके से लड़का होने की दवाई दी जा रही है। टीम द्वारा एक डिकोय तैयार किया गया। डाक्टर से बातचीत के बाद लड़का होने की दवाई 300 रुपए में देना तय हुआ। डिकोय ने निर्धारित 300 रुपए देकर डाक्टर से लड़का होने की दवाई प्राप्त की। डाक्टर को दवाई की एवज में दी गई राशि के नोटों के नंबर पहले ही सिविल सर्जन कार्यालय में इंद्राज कर लिए गए थे। इस टीम द्वारा छापा मारकर 300 रुपए तथा दवाई को कब्जे में ले लिया गया।