पंजाब को मोहाली इतना ही प्रिय है तो चंडीगढ़ हरियाणा को सौंप दे : अभिमन्यु
punjabkesari.in Thursday, Sep 22, 2016 - 03:06 PM (IST)

चंडीगढ़ (संघी): हरियाणा सरकार ने लाल डोरे की सीमा बढ़ाए जाने के संबंध में वित्त मंत्री कै. अभिमन्यु की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल उप-समिति का गठन कर दिया। जिसमें विकास एवं पंचायत मंत्री ओम प्रकाश धनखड़, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन तथा अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग कल्याण राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
अभिमन्यु ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि यह कमेटी ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती भूमि व शहरों में स्थानीय निकायों की भूमि पर अतिक्रमण का पता लगाएगी तथा सरकार को लाल डोरे की सीमा बढ़ाए जाने के संबंध में रिपोर्ट सौंपेगी। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार के कर्मचारियों को 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों का लाभ उचित समय पर दिया जाएगा। कमेटी के समक्ष 40 से 50 प्रतिवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसका अध्ययन किया जा रहा है।
प्रश्नों के उत्तर में उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ इंटरनैशनल एयरपोर्ट हरियाणा व पंजाब का संयुक्त उपक्रम है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका उद्घाटन करके इसे जनता को समॢपत किया है। चंडीगढ़ उत्तर भारत का प्रमुख शहर तथा हरियाणा एवं पंजाब की राजधानी भी है, यहां बने एयरपोर्ट के नाम को लेकर विवाद नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर पंजाब को मोहाली इतना ही प्रिय है तो पंजाब सरकार चंडीगढ़ हरियाणा को सौंप दे। कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रदेश पर वित्तीय बोझ बढऩे के आरोपों के संबंध में उन्होंने कहा कि प्रदेश पर यह कर्ज कांग्रेस विरासत में छोड़कर गई है, जिसे वर्तमान सरकार बेहतर नीतियां बनाकर व लागू कर कम करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।