सिविल सर्जन ने सभी SMO को भेजा मैसेज, कोरोना से बचने के लिए फ्लू की ओ.पी.डी. होगी अलग

punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2020 - 02:42 PM (IST)

करनाल (मनोज) : कोरोना वायरस के संक्रमण को बढऩे से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नई पहल की है। अब जिले की सभी सी.एच.सी. व पी.एच.सी. में फ्लू की ओ.पी.डी. अलग होगी। इन्हें दूसरे मरीजों से दूर रखा जाएगा ताकि संक्रमण का खतरा न रहे। सिविल अस्पताल में यह ओ.पी.डी. पहले ही अलग हो चुकी है।

दरअसल, कोविड-19 की दहशत के बाद से ही अस्पतालों में भीड़ बढ़ चुकी है। कोरोना के डर से सामान्य खांसी व बुखार के मरीज भी बड़ी तादाद में आ रहे हैं।इसलिए स्वास्थ्य विभाग ने फ्लू के मरीजों को अलग रखने की योजना बनाई है। जिले में सी.एच.सी., पी.एच.सी. व डिस्पैंसरी को मिलाकर कुल 35 जगह विभाग सेवाएं दे रहा है। जहां मरीजों की ओ.पी.डी. अच्छी खासी है वहां फ्लू के मरीजों की जांच अलग होगी। सिविल सर्जन डा. अश्विनी आहूजा ने सभी सी.एम.ओ. को इससे अवगत करवा दिया है।  

तकलीफ नहीं तो घर ही रहें 
ऐसा देखने में आया है कि कोरोना के डर से स्वस्थ लोग भी चैकअप कराने में जुटे हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग की मुश्किलें बढ़ रही हैं। सिविल सर्जन डा. अश्विनी आहूजा ने लोगों से अपील की कि यदि आपको कोई तकलीफ नहीं है तो घर ही रहें। अस्पतालों में भीड़ बढ़ाने से फायदे की बजाय नुक्सान होगा।  

इन हैल्पलाइन नंबर पर करें संपर्क 
प्रशासन ने कोरोना वायरस से संबंधित सूचना के लिए हैल्पलाइन नंबर जारी कर दिए हैं। संदिग्ध मरीज की सूचना मोबाइल नंबर 98177-01572 पर दी जा सकती है। इसके अलावा लैंडलाइन नंबर 0184-2272201 पर भी संपर्क किया जा सकता है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static