सी.एम. सिटी में इंसाफ के लिए ठोकरें खा रही बुजुर्ग महिला करेगी आत्मदाह!

punjabkesari.in Saturday, May 25, 2019 - 11:19 AM (IST)

करनाल : मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के शहर में इंसाफ के लिए ठोकरें खा रही बुजुर्ग महिला की दुकान जलाने के मामले में उक्त महिला ने एस.पी. कार्यालय के सामने आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। उसने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के चलते उसे धमकाया जा रहा है।

यह है मामला
बुजुर्ग महिला सुशीला देवी ने बताया कि उसका एक व्यक्ति के साथ कथित तौर पर झगड़ा चल रहा था। उक्त व्यक्ति ने एक पुलिस अधिकारी से उसे कारोबार बंद करने के लिए धमकवाया था। जब उसने उनकी बात नहीं मानी तो उक्त व्यक्ति ने पुलिस अधिकारी के साथ मिलकर मामूली झगड़ा कर उनके कर्मचारियों के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज करवा दिया ताकि कर्मचारी काम छोड़कर भाग जाए।

जब वह अपने उद्देश्य में कामयाब नहीं हुए तो उक्त पुलिस अधिकारी अपने पुलिस कर्मचारियों के साथ उसकी दुकान पर आया और उसके कर्मचारियों की सरेआम बाजार में पिटाई करने लगा। जब उसने और उसकी बेटी ने कर्मचारियों की पिटाई का कारण पूछा तो उनसे भी मारपीट शुरू कर दी गई और एक पुलिस कर्मचारी ने उसकी बेटी को गलत तरीके से पकड़ा। बाद में उसके व उसकी बेटी के खिलाफ सरकारी काम में विघ्न डालने का मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया। बुजुर्ग महिला ने बताया कि इसके बाद भी जब उसने हार नहीं मानी तो उक्त व्यक्ति उन्हें उनकी दुकान जलाने की पिछले कई दिन से धमकियां दे रहा था। गत दिवस जब वह दुकान के लिए सामान खरीदने बाजार गई थी तो उसकी दुकान को आग लगा दी गई।

अब उसकी रोजी-रोटी का सहारा छिन गया है। इंसाफ के लिए उसकी बेटी मुख्यमंत्री, सी.एम. के ओ.एस.डी. व मीडिया एडवाइजर से भी इंसाफ की गुहार लगा चुकी है लेकिन राजनीतिक दबाव के चलते कोई कार्रवाई नहीं हुई।   उक्त मामले को लेकर जब एस.पी. से बात करने की कोशिश की गई तो उनके कार्यालय के कर्मचारियों ने एस.पी. साहिब के मोबाइल पर सम्पर्क करने के लिए कहा। एस.पी. साहिब के मोबाइल पर कई बार सम्पर्क किया गया लेकिन एस.पी. साहिब ने फोन नहीं उठाया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static