कुरुक्षेत्र में अर्जुन चौटाला के ‘कृष्ण’ बने अशोक अरोड़ा
punjabkesari.in Saturday, May 04, 2019 - 12:31 PM (IST)

कुरुक्षेत्र(धमीजा): इनैलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा कुरुक्षेत्र के लोकसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवार अर्जुन चौटाला के लिए ‘कृष्ण’ की भूमिका में हैं। अशोक अरोड़ा हरियाणा विधानसभा के स्पीकर और परिवहन मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने यहां इनैलो विधायक दल के नेता अभय चौटाला के बेटे अर्जुन चौटाला के चुनाव प्रचार की कमान सम्भाली हुई है। कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट पर कांटे की टक्कर है और अर्जुन चौटाला जाट व जट्टï सिख मतदाताओं को अपने हक में समेटते नजर आ रहे हैं।
अर्जुन देवीलाल के पड़पौत्र और इनैलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला के पौत्र हैं। कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से अभय चौटाला वर्ष 2004 का लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। अर्जुन का विवाह यमुनानगर के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह की बेटी से तय हुआ है जोकि जट्टï सिख हैं। अर्जुन चौटाला के लिए उनका पूरा परिवार वोट मांगने में जुटा हुआ है। इनैलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा कुरुक्षेत्र के साथ ग्रामीण इलाकों में भी अर्जुन चौटाला के लिए ‘कृष्ण’ की भूमिका में वोट मांगते नजर आ रहे हैं।
पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामपाल माजरा भी मतदाताओं को इनैलो के पक्ष में एकजुट करने में लगे हैं। इनैलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा का कहना है कि देवीलाल का परिवार एकमात्र ऐसा है जो पूरे हरियाणा और प्रदेश से बाहर कहीं भी चुनाव लड़ता है। कांग्रेस के पूर्व मंत्री निर्मल सिंह और भाजपा के नायब सैनी बाहरी प्रत्याशी हैं जिनका खुला विरोध हो रहा है। अशोक अरोड़ा ने कहा कि इनैलो किसानों-व्यापारियों की आवाज बुलंद करवाने के साथ ही कुरुक्षेत्र को राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलवाएगी।