बाबा रामदेव के गुरु और आर्य समाजी नेता आचार्य बलदेव का निधन

punjabkesari.in Thursday, Jan 28, 2016 - 09:24 AM (IST)

रोहतक (दीपक भारद्वाज): वरिष्ठ आर्य समाजी नेता आचार्य बलदेव का निधन हो गया है। वे 85 वर्ष के थे। सुबह सैर करते वक्त घायल होने से उनका निधन हुआ। वे स्वामी रामदेव के भी गुरु थे। आज उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शनों के लिए रोहतक के दयानंद मठ में रखा जाएगा और कल दोपहर 12 बजे अंतिम संस्कार होगा। हालांकि अभी अंतिम संस्कार का स्थान निर्धारित नहीं किया गया है। आचार्य बलदेव आज सुबह करीब 4 बजे रोहतक के दयानंद मठ में सैर कर रहे थे। इसी दौरान वे गिर पड़े।

गिरने से उनके मुंह में लगे कृत्रिम दांत अंदर चले गए। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए पीजीआई रोहतक ले जाया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। बाद में उनके पार्थिव शरीर को दयानंद मठ लाया गया। वीरवार को उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शनों के लिए रखा जाएगा और शुक्रवार दोपहर को अंतिम संस्कार किया जाएगा। वे तमाम उम्र आर्य समाज के प्रचार-प्रसार के लिए जुटे रहे। उनकी गिनती देश के वरिष्ठ आर्य समाजी नेताओं में होती है। वे आर्य समाज की सर्वोच्च संस्था सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष रहे।

योग गुरु बाबा रामदेव को भी आचार्य बलदेव ने ही शिक्षा-दीक्षा दी थी। विवादित संत रामपाल दास के खिलाफ अभियान चलाने में भी आचार्य बलदेव की अहम भूमिका रही है। आचार्य बलदेव की पहल पर ही रामपाल दास के खिलाफ आर्यसमाजी एकजुट हुए थे। आचार्य बलदेव के निधन से आर्य समाज में शोक की लहर है। आचार्य बलदेव के निधन की खबर मिलते ही लोग उनके अंतिम दर्शनों के लिए दयानंद मठ रोहतक पहुंच रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News

static