जहरीला पदार्थ निगलकर लघुसचिवालय पहुंचा बुजुर्ग

punjabkesari.in Friday, Feb 22, 2019 - 12:55 PM (IST)

रोहतक(पंकेस): लघु सचिवालय परिसर में वीरवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक बुजुर्ग मुंह में जहरीला पदार्थ लेकर पहुंच गया। वह एस.पी. कार्यालय के बाहर पहुंचा और रोने लगा। उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी और बेटे ने उसे जबरदस्ती जहर खिलाया है। आनन-फानन में पुलिस पी.सी.आर. में बुजुर्ग को लेकर पी.जी.आई. पहुंची लेकिन उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मामले की जांच कर रहे एस.आई. प्रकाश चंद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।

जानकारी के मुताबिक कन्हेली निवासी 62 वर्षीय सुरेंद्र दोपहर के समय लघुसचिवालय परिसर में पहुंच गया। एस.पी. कार्यालय के  पास पहुंचने पर मिले पुलिस के जवान से बुजुर्ग बोला कि उसकी पत्नी और बेटे ने उसे जहर खिला दिया है। वह पहले शिवाजी कालोनी थाने में गया था लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। अब उसकी शिकायत पर कार्रवाई की जाए। बुजुर्ग के जहर खाने की सूचना से पुलिस में हड़कम्प मच गया। आर्य नगर थाने की पी.सी.आर. में बुजुर्ग को पी.जी.आई.एम.एस. भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डैड हाऊस भेज दिया है। 
 

यह दिए पुलिस को बयान
बुजुर्ग सुरेंद्र सिंह ने मरने से पहले पुलिस को बयान दिया कि वह कन्हेली गांव का रहने वाला है। वह दिन में अपने घर पर मौजूद था तो उसकी पत्नी करतारी व लड़के अनुराग से उसकी कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद इन दोनों ने उसे कोई जहरीला पदार्थ पिला दिया और उससे मारपीट की। पुलिस ने सुरेंद्र की शिकायत पर थाना शिवाजी कालोनी में केस दर्ज किया है। 

परिवार वालों ने कहा- मानसिक रूप से परेशान था सुरेंद्र
सुरेंद्र का बेटा जनस्वास्थ्य विभाग में बतौर क्लर्क की नौकरी करता है। उसकी 3 बहनें हैं। परिवार का कहना है कि सुरेंद्र कुछ दिनों से मानसिक तौर पर परेशान चल रहा था और 4 दिन से लापता था। उसने जहर क्यों खाया है, उनकी जानकारी में नहीं है। सुरेंद्र का मानसिक बीमारी के चलते कई माह से उपचार भी चल रहा था। परिवार ने कहा कि उनका सुरेंद्र से कोई झगड़ा नहीं हुआ है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepak Paul

Recommended News

Related News

static