मुख्यधारा में लौटे अशोक खेमका, पी.के. दास से छीना शिक्षा विभाग

punjabkesari.in Tuesday, Aug 22, 2017 - 10:44 AM (IST)

चंडीगढ़ (पांडेय):महीनों से भारतीय वन सेवा अधिकारियों के निशाने पर चले हरियाणा वन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुनील गुलाटी को आखिरकार सरकार ने बदल ही दिया। गुलाटी के खिलाफ वन विभाग के अफसरों ने मुख्य सचिव डी.एस. ढेसी को पत्र लिखा था और इस मामले को सरकार ने भी गंभीरता से लिया था। इसी तरह से पंचायत विभाग की ए.सी.एस. नवराज संधू को भी लंबे समय बाद सहकारिता विभाग में तबादला किया गया है। ए.सी.एस. एस.एस. ढिल्लों को परिवहन विभाग से हटाकर महिला एवं बाल विकास महकमे की जिम्मेदारी दी गई है। सबसे चौंकाने वाला तबादला शिक्षा विभाग के ए.सी.एस. पी.के. दास का हुआ, उन्हें अब बिजली विभाग सौंपा गया है। दास ने शिक्षा विभाग में शिक्षकों के ऑनलाइन तबादले कर हरियाणा सरकार को वाहवाही का मौका दिया। लेकिन उसके बाद भी सरकार ने दास को इस विभाग से बाहर का रास्ता दिखा दिया। 

बताया गया कि दास इस तबादले से खुश नहीं हैं। सोमवार को वरिष्ठ अफसरों की तबादला सूची में वरिष्ठ आई.ए.एस. अधिकारी डॉ. के.के. खंडेलवाल को स्कूल शिक्षा विभाग देकर पावरफुल किया गया है। वहीं उनकी पत्नी धीरा खंडेलवाल को भी पर्यावरण जैसे महकमे की जिम्मेदारी दी गई है। सबसे ज्यादा चर्चा चर्चित आई.ए.एस. अधिकारी अशोक खेमका को सामाजिक अधिकारिता विभाग दिए जाने की है। खेमका लंबे समय से खुड्डेलाइन पोस्टिंग पर चल रहे थे। खेमका पूर्व की सरकार में इस महकमे में डायरैक्टर रह चुके हैं और उन्होंने अपने कार्यकाल में ही बैंकों के जरिए बुढ़ापा पैंशन की योजना शुरू की थी। वहीं लंबे समय से अहम महकमे की तलाश कर रहे एस.एन. राय को अब वन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है जबकि आर.आर. जोवल को फिर परिवहन विभाग का जिम्मा मिला है। ए.सी.एस. पी.के. महापात्रा को पब्लिक हैल्थ की जिम्मेदारी दी है। यह विभाग ए.सी.एस. संजीव कौशल के पास था।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static