शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन वंदे मातरम पर गहन चर्चा
punjabkesari.in Friday, Dec 19, 2025 - 09:08 PM (IST)
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : हरियाणा विधान सभा के शीतकालीन सत्र का दूसरा दिन वंदे मातरम और अनेक महत्वपूर्ण विधायी कार्यों को समर्पित रहा। विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के नेतृत्व में दिन की शुरुआत प्रश्नकाल से हुई। इसके बाद शून्यकाल रहा। इस दौरान पेयजल, सड़कें, स्कूल, अस्पताल, पैंशन, बीपीएल, बसों के रूट, ट्रैकिंग सिस्टम पर विस्तृत चर्चा हुई। इसके बाद विपक्ष की ओर से पेश किए गए अविश्वास प्रस्ताव पर भी विस्तृत चर्चा हुई। ब्रिटिश कोलंबिया सरकार में मंत्री जगरूप बरार समेत बड़ी संख्या गणमान्य व्यक्ति भी सत्र की कार्यवाही देखने पहुंचे। बरार ने विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण से शिष्टाचार भेंट भी की।
नियम 84 के अधीन प्रस्ताव के तहत शुक्रवार को सदन में वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विस्तृत चर्चा की गई। यह प्रस्ताव विधायक घनश्याम दास और योगेंदर राणा की ओर से प्रस्तुत किया गया। इस दौरान विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि वंदे मातरम गीत हमें देशभक्तों के आदर्श का स्मरण करवाता है। यह हमें समाज के लिए जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भावी पीढ़ियों तक वंदे मातरम का महत्व पहुंचाना अत्यंत जरूरी है। आज इस महान सदन में इस विषय पर हुई सार्थक चर्चा से हम इस दिशा में आगे बढ़े हैं। विस अध्यक्ष ने विधायकों से आग्रह किया कि इतने महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा के वक्त हमें इसी पर केंद्रित रहना चाहिए। वंदे मातरम के साथ रूटीन के विषयों को नहीं उठाया जाना चाहिए।
इस दौरान विपक्ष के कुछ सदस्य वेल में आ गए थे। अध्यक्ष ने इन्हें बार-बार अपने स्थान पर जाने के लिए कहा, लेकिन जब ये सदस्य नहीं माने तो इन्हें नेम करना पड़ा। जिन 9 विधायकों को नेम किया गया उनमें इंदुराज नरवाल, शकुंतला खटक, जस्सी पेटवाड़, अशोक अरोड़ा, गीता भुक्कल, देवेंद्र हंस, नरेश सेलवाल, विकास सहारण और बलराम दांगी शामिल थे। बाद में मुख्यमंत्री नायब सिंह और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के अनुरोध पर उन्हें वापस बुलाने का निर्णय लिया गया। शून्यकाल और अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान आसन पर विधान सभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा भी आसीन रहे।
शुक्रवार को सदन में पेश किए गए विधेयकों का विवरण :-
1. हरियाणा तकनीकी शिक्षा अतिथि संकाय (सेवा की सुनिश्चितता) संशोधन विधेयक, 2025
2. हरियाणा आवासन बोर्ड (संशोधन) विधेयक, 2025
3. हरियाणा निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक, 2025
4. हरियाणा आबादी देह (स्वामित्व, अधिकारों का निहितीकरण, अभिलेखन और समाधान) विधेयक, 2025
5. हरियाणा दुकानात तथा वाणिज्यिक प्रतिष्ठान (संशोधन) विधेयक, 2025
6. हरियाणा अनुसूचित सड़क तथा नियंत्रित क्षेत्र अनियमित विकास निर्बन्धन (संशोधन) विधेयक, 2025
7. हरियाणा जन विश्वास (उपबंधों का संशोधन) विधेयक, 2025
शुक्रवार को सदन में पारित किए गए विधेयकों का विवरण :-
1. हरियाणा श्री माता मनसा देवी पूजास्थल (संशोधन) विधेयक, 2025
2. हरियाणा श्री माता शीतला देवी पूजास्थल (संशोधन) विधेयक, 2025
3. हरियाणा श्री माता भीमेश्वरी देवी मंदिर (आश्रम), बेरी पूजास्थल (संशोधन) विधेयक, 2025
4. हरियाणा अन्तरराष्ट्रीय गीता जयंती मेला प्राधिकरण (संशोधन) विधेयक, 2025
5. हरियाणा श्री कपाल मोचन, श्री बद्री नारायण, श्री मन्तरा देवी तथा श्री केदार नाथ पूजास्थल (संशोधन) विधेयक, 2025
6. हरियाणा नगर निगम (संशोधन) विधेयक, 2025
7. हरियाणा पंचायती राज (द्वितीय संशोधन) विधेयक, 2025
8. हरियाणा नगर निकाय विधेयक, 2025