IPL के दाग से बेदाग हुए चंदीला को नहीं मिल रहा हरियाणा क्रिकेट का साथ
punjabkesari.in Friday, Jul 31, 2015 - 04:44 PM (IST)

चंडीगढ़: आई.पी.एल में सट्टेबाजी और स्पॉट फिक्सिंग के आरोपों से बरी हुए पूर्व क्रिकेटर अजीत चंदीला की मुश्किलें कम नहीं हो पा रही हैं और क्रिकेट में उनकी वापसी अभी भी संभव नहीं लग रही है। हरियाणा के फरीदाबाद में जन्मे चंदीला का हरियाणा क्रिकेट संघ (एच.सी.ए.) ने समर्थन करने से इंकार कर दिया है।
बी.सी.सी.आई. के कोषाध्यक्ष और एच.सी.ए. के सचिव अनिरुद्ध चौधरी ने बताया कि एच.सी.ए. चंदीला को खेलने की इजाजत देने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बी.सी.सी.आई.) से किसी तरह की सिफारिश नहीं करेगा। दिल्ली की एक अदालत ने हाल ही में चंदीला, पूर्व भारतीय क्रिकेटर शांताकुमारन श्रीसंत और अंकित चव्हाण को आई.पी.एल. स्पॉट फिक्सिंग के आरोपों से बरी कर दिया था लेकिन बी.सी.सी.आई. ने उन पर आजीवन प्रतिबंध बरकरार रख है।
हालांकि बोर्ड ने चंदीला को अनिश्चितकाल के लिए निलंबित किया था। चौधरी ने बताया कि चंदीला पर लागू प्रतिबंध को हटाने की दिशा में जब तक बी.सी.सी.आई. कुछ नहीं करता है, तब तक हम उनसे इस बारे में कुछ नहीं कहने जा रहे हैं। यदि बोर्ड इस बारे में कोई कदम बढ़ाएगा तो एच.सी.ए अपने सदस्यों के साथ बैठक कर इस बारे में विचार करेगा।