बैंक कर्मियों की मदद से फर्जी लोन लेकर की 4.74 लाख ठगी
punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2026 - 07:32 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): साइबर क्राइम मानेसर थाना एरिया में बैंक कर्मियों की मदद से फर्जी लोन लेकर 4.74 लाख रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने बैंक कर्मचारियों की मदद से प्री-अप्रूव्ड लोन वाले खातों का डाटा निकालकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरबीएल बैंक के डिप्टी मैनेजर और एक्सिस बैंक के पूर्व कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस केस में अब तक कुल पांच आरोपी पकड़े जा चुके हैं।
दरअसल, साइबर क्राइम मानेसर थाना में एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि बीती छह दिसंबर को उसके एक्सिस बैंक खाते से 12,585 रुपये कट गए। बैंक में पता करने पर मालूम हुआ कि किसी ने उसके बैंक खाते से जुड़ा मोबाइल नंबर बदलकर 4.74 लाख रुपये का लोन ले लिया है। कटे हुए पैसे उसी लोन की पहली किस्त थी। जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी। मामले में साइबर क्राइम मानेसर थाना पुलिस ने यूपी के बलिया निवासी मोहम्मद अली व दिल्ली के गोविंदपुर निवासी मोहम्मद आसिफ को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि मोहम्मद अली आरबीएल बैंक की दिल्ली शाखा में डिप्टी मैनेजर है और मोहम्मद आसिफ गुरुग्राम में एक्सिस बैंक में काम करता था। मोहम्मद अली मुख्य साजिशकर्ता है। उसने आसिफ से प्री-अप्रूव्ड लोन ऑफर वाले बैंक अकाउंट की गोपनीय जानकारी निकलवाई। आसिफ ने बैंकिंग सिस्टम को एक्सेस करके संवेदनशील कस्टमर डाटा अली को शेयर किया। इसके बाद अली ने वह डाटा सिम कार्ड के साथ अन्य आरोपी मोहम्मद हसीम को दिया। हसीम ने साथियों के साथ मिलकर खाते से जुड़ा मोबाइल नंबर बदल दिया और इंटरनेट बैंकिंग से फर्जी लोन ले लिया। पुलिस ने बताया कि लोन से संबंधित धोखाधड़ी के अन्य मामलों के बारे में बैंकों से संपर्क कर आरोपियों की संलिप्तता की जांच की जाएगी। मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।