आग में झुलसकर मदद मांगते रहे ड्राइवर कंडक्टर, लोग उठाते रहे सड़क पर बिखरे हुए आम

punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 08:53 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): दिल्ली जयपुर हाइवे पर शनिवार को मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी बेकाबू होकर पलट गई और उसमें आग लग गई। पिकअप में मौजूद ड्राइवर व कंडक्टर इस आग की चपेट में आ गए और झुलसने लगे। घटना देखकर लोग आगे तो आए, लेकिन मदद करने की बजाय पिकअप से सड़क पर बिखरे आम समटने में लग गए। लोग थैला लेकर आग को एकत्र करते नजर आए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शनिवार को एक पिकअप गाड़ी आम लोड करके दिल्ली से जयपुर की तरफ जा रही थी। बताया जा रहा है कि पिकअप में आम के करेट ओवरलोड करके भरे हुए थे। जैसे ही पिकअप सीमा में हाईवे से गुजरा, अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वह बेकाबू होकर सड़क पर ही पलट गया। इस घटना में पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे ड्राइवर तथा हेल्पर लहूलुहान होकर अंदर ही फंस गए। वहीं, गाड़ी में पीछे भरे आम दूर-दूर तक हाईवे पर बिखर गए। इसी दौरान पिकअप में आग भी लग गई। जिसमें दोनों ही ड्राइवर व कंडक्टर झुलसने लगे। किसी तरह से ड्राइवर बाहर आ गया और कंडक्टर को बचाने की गुहार लोगों से लगवाता रहा, लेकिन लोग मदद करने की बजाय सड़क पर पड़े आम इक्ट्ठे करते रहे।

 

इस घटना को देखकर यहां कई वाहन तो रुके, लेकिन ज्यादातर वाहन चालकों ने मदद करने की बजाय आम इक्ट्ठा कर थैले में भरने शुरू कर दिए। इस नजारे ने मानवीय संवेदनाओं पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया। वहीं, कुछ लोगों की तत्परता के कारण आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि आम के करेट में रखे कारबेट के कारण ही आग लगी। जब लोग आम एकत्र कर रहे थे तो उस वक्त भी यहां आग लगी दिखाई दी जिसे नजरअंदाज कर लोग आम अपने बैग में भरने में लगे रहे। यह पूरा घटनाक्रम किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।  

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static