बादशाहपुर में अमित शाह की जन आशीर्वाद रैली आज, तैयारियां पूरी : राव नरबीर सिंह

punjabkesari.in Saturday, Sep 28, 2024 - 08:15 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रविवार 29 सितम्बर को बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के सेक्टर-95 स्थित गांव ढोरका में जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करेंगे। रैली को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। उन्होंने कहा कि बादशाहपुर की धरती पर एक नया इतिहास कायम होने जा रहा है। राव नरबीर सिंह ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री के आगमन से निश्चित तौर पर भाजपा न सिर्फ  बादशाहपुर बल्कि पूरे  हरियाणा में विजय की ओर अग्रसर होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि बादशाहपुर में बनने जा रहे इस इतिहास का साक्षी बनने के लिए उनको बड़ी संख्या में इस रैली में पहुंचकर अपना समर्थन देना है। उन्होंने कहा कि सुबह दस बजे से पूर्व कार्यकर्ता रैली में पहुंचकर अपना स्थान ले लें ताकि कोई असुविधा नहीं हो।


राव नरबीर सिंह शनिवार को यूनिवल्र्ड गार्डन सेकेंड, पार्क व्यू, विपुल ग्रीन, सेंट्रल पार्क टू, नरसिंहपुर, सेक्टर-22 बी, सूर्या विहार, सरहौल व न्यू पालम विहार में आयोजित सभाओं को संबोधित कर रहे थे। राव नरबीर सिंह ने कहा कि यह रैली हर लिहाज से हरियाणा की ऐतिहासिक रैलियों में से एक होगी। पिछले दिनों केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात में उन्होंने वादा किया था कि बादशाहपुर की रैली में उन्हें जनता की ताकत नजर आएगी और निश्चित तौर पर बादशाहपुर की जनता अपनी इस ताकत को दिखाने का भी काम इस रैली के माध्यम से करेगी।


बादशाहपुर के विकास को आधार देकर जाएंगे शाह :
राव नरबीर सिंह ने कहा कि बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे गुरुग्राम का अगर किसी ने विकास किया है तो वह केवल भारतीय जनता पार्टी ही है। वर्ष 2014 से पूर्व कांग्रेस दस साल तक सरकार में रही। कांग्रेस ने एक क्षेत्र विशेष में ही विकास के काम कराए जबकि सबसे ज्यादा राजस्व देने वाले गुरूग्राम की कोई सुध ही नहीं ली गई। गुरूग्राम के लोग मूलभूत सुविधाओं तक के लिए तरसते हुए हमने देखे। 2014 में बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने उनका साथ दिया और वह विधानसभा चुनाव में विजयी हुए। भारतीय जनता पार्टी ने उनको सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया। मंत्री बनने के बाद उन्होंने पूरे हरियाणा में एक समान विकास के काम कराने का काम किया।

 

बात अगर गुरूग्राम और बादशाहपुर विधानसभा की की जाए तो यहां पर पहले हर चौराहे पर जाम की समस्या आम थी। इफको चौकए राजीव चौक जैसे व्यस्त चौराहों पर तो लोग घंटों जाम में फंसते थे। उन्होंने मंत्रालय संभालते ही गुरूग्राम की तस्वीर को बदलने का काम शुरू कर दिया था। सिर्फ इफको चौक और राजीव चौक ही नहींए सिग्नेचर टावरए महाराणा प्रताप चौक सहित अन्य चौराहों पर भी अंडरपास व ओवरब्रिज बनाने का काम किया। गुरूग्राम से बेशक सोहना तक की दूरी कुछ भी नहीं है लेकिन जब तक एलीवेटेड फ्लाइओवर नहीं था तब तक कई.कई घंटे सोहना पहुंचने में लग जाते थे। उन्होंने लोगों की समस्या को समझा और बादशाहपुर एलीवेटेड फ्लाइओवर का निर्माण कराया। एलीवेटेड फ्लाइओवर की मांग जनता की तरफ से नहीं की गई थी लेकिन उनका गुरूग्राम से इतना लगाव है कि अपने लोगों की समस्या के समाधान के लिए करोड़ों की लागत से एलीवेटेड फ्लाइओवर बनवाया गया।

 

द्वारका एक्सप्रेस वे बनने से पूर्व दिल्ली पहुंचने में ही सुबह से शाम हो जाती थी लेकिन केंद्र सरकार की मंजूरी लेकर उन्होंने दुनिया की सबसे महंगी सडक़ बनवाने का काम किया। आज गुरूग्राम के लोग सरपट दिल्ली पहुंच जाते हैं। उन्होंने कहा कि जितना काम वर्ष 2014 से 2019 तक उन्होंने कराया था उतना काम तो पिछले पचास सालों में भी नहीं हुआ था। अब केंद्रीय गृहमंत्री रविवार को होने वाली जनसभा में विकास की एक नई नींव रखकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि राव नरबीर सिंह बादशाहपुर की जनता से यह वादा करता है कि सरकार बनते ही बादशाहपुर सहित पूरे गुरूग्राम में विकास का पहिया पहले की भांति ही घूमना शुरू होगा। आने वाले पांच साल में इतने काम कराए जाएंगे जिनकी तुलना कभी हो ही नहीं सकेगी।

 


शाह की रैली को लेकर लोगों में उत्साह :
राव नरबीर सिंह जहां भी जा रहे हैं वहां पर उनको केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रैली को लेकर लोगों का उत्साह देखने को मिल रहा है। उत्साह से साफ है कि रैली में भीड़ जबरदस्त होने वाली है। बादशाहपुर के लोगों का भी कहना है कि शाह की रैली से बादशाहपुर में पूरी हवा ही भाजपा के पक्ष में होने जा रही है। लोगों को भी विधानसभा क्षेत्र में 2014 से 2019 तक हुए विकास के काम याद है इसलिए वह एक बार फिर से राव नरबीर सिंह को ही विधानसभा में भेजने का मन बना चुके हैं।

 


रैली स्थल का निरीक्षण कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश:
केंद्रीय गृह मंत्री की जन आशीर्वाद रैली की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह ने रैली स्थल का निरीक्षण किया तथा तैयारियों का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि रैली की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है तथा रैली को लेकर समस्त गुरुग्राम जिले ही नहीं अपितु पूरे दक्षिण हरियाणा में भारी उत्साह बना हुआ है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सिंह गर्जना सुनने को लेकर क्षेत्र के लोगों में पूरा जोश बना हुआ है। यह रैली हरियाणा के इतिहास की सबसे बड़ी रैली होगी तथा इसके उपरांत भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में एकतरफा माहौल बन जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static