जू-जित्सु साउथ एशियन चैम्पियनशिप में गुरुग्राम के 4 बच्चों ने श्रीलंका में झटके मेडल
punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 09:10 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): श्रीलंका के दिगाना में हुए जूडो, जू-जित्सु साउथ एशियन चैम्पियनशिप में गुरुग्राम के रोटरी पब्लिक स्कूल के दो छात्र व दो छात्राओं ने गजब के कर्तब दिखाए। इस जू-जित्सु चैम्पियनशिप में 5 देशों के खिलाडियों से टक्कर हुई, जिसमें गुरुग्राम के खिलाड़ी का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा। रोटरी पब्लिक स्कूल टीचर एवं कोच दीपिका मान ने बताया कि साउथ एशियन चैम्पियनशिप की तैयारी उनके छात्र पिछले 6 माह से कर रहे थे। जू-जित्सु चैम्पियनशिप में जब इन छात्रों को मौका मिला तो उनके साथ गए सभी खिलाडि़यों ने अच्छा प्रदर्शन किया।
पाकिस्तान व श्रीलंका समेत 5 देशों से आए छात्रों को पटकनी देकर हमारे बच्चों ने देश व अपने प्रदेश का नाम रोशन किया है। इन छात्रों में गौतम यादव पुत्र कृष्ण यादव ने गोल्ड, नक्ष कुहार पुत्र राकेश कुहार ने सिलवर मेडल, नव्या ने गोल्ड मेडल तथा खनक ने सिलवर मेडल प्राप्त किया। वहीं जब ये बच्चे मेडल लेकर गुरुग्राम पहुंचे तो इनका भव्य स्वागत किया गया। सैक्टर 22 व पालविहार क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य लोगों ने एकजुट होकर सभी छोत्रों को खुली कार में लेकर ढोल-नगाड़ों के साथ काफिला निकाला व बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की।