गुरुग्राम में चालान कटते ही एलईडी स्क्रीन पर होगी सार्वजनिक घोषणा

punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 09:17 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): गुरुग्राम में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने हाई-टेक पहल शुरू की है। अब ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के ई-चालान की जानकारी शहर के व्यस्त सोहना चौक पर लगी बड़ी एलईडी स्क्रीन पर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाएगी। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य लोगों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उल्लंघन की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत यह गुड़गांव की पहली स्क्रीन लगाई गई है जिसका अभी ट्रायल किया जा रहा है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

इस प्रोजेक्ट में जैसे ही कोई वाहन स्क्रीन से जुड़े कैमरे की जद में आएगा वैसे ही उसकी नंबर प्लेट स्कैन हो जाएगी। स्कैन होने के कैमरे का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फीचर एक्टिव हो जाएगा और गुड़गांव पुलिस के सॉफ्टवेयर से डाटा लेकर स्क्रीन पर प्रदर्शित करेगा कि उस वाहन पर कितने चालान लंबित हैं और उन चालान की कितनी राशि बकाया है। ऐसे में पास ही मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी उस वाहन को रोक लेंगे और चालक से तुरंत ही इन लंबित चालान का भुगतान करने के लिए कहेंगे। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि सार्वजनिक स्थान पर नियम तोडऩे वालों की जानकारी प्रदर्शित होने से वाहन चालक अधिक जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएंगे और ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित होंगे। इससे सडक़ सुरक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।

 

यदि सोहना चौक पर शुरू किया गया यह प्रयोग सफल रहता है, तो आने वाले समय में शहर के अन्य प्रमुख और व्यस्त चौराहों पर भी ऐसी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे हेलमेट, सीट बेल्ट, रेड लाइट, लेन ड्राइविंग और अन्य सभी ट्रैफिक नियमों का पालन करें। अब नियमों की अनदेखी न केवल जेब पर भारी पड़ेगी, बल्कि आपकी लापरवाही पूरे शहर के सामने भी उजागर हो सकती है। एसीपी ट्रैफिक हाइवे सत्यपाल ने बताया कि वर्तमान में इस तरह की व्यवस्था हैदराबाद में है। इस योजना को हैदराबाद से अडॉप्ट किया गया है। बड़े स्तर पर यह प्लानिंग की जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static