भाजपा एक आलीशान अस्पताल बना देती तो जनता का भला हो जाता : पंकज डावर

punjabkesari.in Thursday, Apr 14, 2022 - 10:22 PM (IST)

गुड़गांव ब्यूरो : भाजपा की ओर से गुरुग्राम में एक आलीशान बहुमंजिला इमारत का निर्माण भाजपा के कार्यालय के लिए किया गया है जिसका उद्घाटन आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर समेत प्रदेश के कई बड़े नेता एक साथ मिलकर कर रहे हैं। भाजपा के द्वारा बेशकीमती जमीन पर बनाए गए कार्यालय पर पार्टी ने कई करोड़ रुपए खर्च किया है। भाजपा की ओर से कार्यालय उद्घाटन का प्रचार प्रसार भी बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। भाजपा कार्यालय निर्माण पर कांग्रेसी नेता पंकज डावर ने पार्टी नेताओं और पार्टी के मुखिया पर खूब तंज कसे।

पंकज डावर ने कहा कि भाजपा की हरियाणा सरकार ने 8 साल के शासनकाल में बनाया भी तो सिर्फ पार्टी के लिए कार्यालय बनाया है। आम जनता के लिए भाजपा ने कुछ भी नहीं किया है। जब से भाजपा सरकार आई है तब से यहां अस्पताल बनाने की मांग की जा रही है। 8 सालों में कोविड-19 महामारी का दौरा आने के बाद भी इस सरकार के नेता और मुखिया ने जरूरत नहीं समझी की यहां के नागरिकों को आलीशान अस्पताल दिया जाए।

पंकज डावर ने कहा कि भाजपा के नेता सत्ता के नशे में चूर है। आम जनता मरे या कुछ भी करें, प्रदेश के भाजपा मुखिया का उससे कोई लेना-देना नहीं। पंकज डावर ने कहा कि भाजपा अगर अपने आलीशान कार्यालय निर्माण से पहले यहां के लोगों को एक अस्पताल भी बना कर दे देती तो आम जनता का कुछ भला हो जाता। महामारी के दौर में अस्पतालों की कितनी कमी यहां के लोगों को झेलनी पड़ी, वह उन्हीं लोगों को पता है जिन लोगों ने महामारी के दौर में अस्पतालों के आगे चक्कर लगाने को मजबूर हुए और बहुत से ऐसे भी परिवार हैं जिनका तो महामारी में सब कुछ बर्बाद हो गया। उपचार में पैसा भी गया और जान भी गंवा दी। पंकज डावर ने कहा कि भाजपा जो भी कर रही है जनता सब कुछ देख रही है। समय आने पर जनता हर चीज़ का हिसाब लेगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Recommended News

Related News

static