नूंह पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन 25 दिन में 44 केस और 95 गिरफ्तारी
punjabkesari.in Saturday, May 09, 2026 - 07:41 PM (IST)
नूंह, (ब्यूरो): डॉ. अर्पित जैन ने जिले में बढ़ते अपराधों पर सख्त रुख अपनाते हुए साफ कहा है कि गौ तस्करी, गोकशी, नशा तस्करी, साइबर अपराध और महिला उत्पीड़न जैसे मामलों में पुलिस की “जीरो टॉलरेंस” नीति जारी रहेगी। अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने बताया कि पिछले 25 से 26 दिनों के दौरान गौ तस्करी और गोकशी से जुड़े 44 मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जबकि 95 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 29 वाहनों को इंपाउंड किया है और बड़ी संख्या में गौवंश को सुरक्षित बचाया गया है। हाल ही में हुई पुलिस मुठभेड़ का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में चार आरोपी घायल हुए थे। एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि गौ तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी हालत में बख्शा न जाए। चाहे कोई अवैध रूप से गायों का परिवहन कर रहा हो, कटान में शामिल हो, अवैध मीट कारोबार चला रहा हो या पशुओं की गैरकानूनी खरीद-फरोख्त कर रहा हो, उसके खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों पर भी पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। जिले में अब तक 27 हजार 663 चालान किए गए हैं और 494 वाहनों को इंपाउंड किया गया है। इनमें 27 वाहन अवैध खनन में लगे पाए गए जबकि 100 ओवरलोड वाहन भी कार्रवाई की जद में आए हैं।
साइबर अपराध पर 34 मुकदमे दर्ज कर 47 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तेजी से जांच पूरी करते हुए 33 आरोपियों के खिलाफ अदालत में चार्जशीट पेश की है। साथ ही ठगी का शिकार हुए लोगों के लाखों रुपये वापस दिलाए गए हैं। वाहन चोरी की घटनाओं को लेकर भी पुलिस लगातार सक्रिय है। महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस विशेष अभियान चला रही है। जिले के 28 संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां लगातार पुलिस पेट्रोलिंग करवाई जा रही है। महिला पुलिस टीमें नियमित रूप से स्कूल, कॉलेज और बाजार क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं। महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ करने वाले 47 मनचलों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई है।