भूमि माफियाओं पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, अवैध कब्जे ध्वस्त

punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 07:46 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): क्राइम ब्रांच की टीमों ने मंगलवार को भूमि माफियाओं पर सर्जिकल स्ट्राइक  करते हुए उनके अवैध कब्जे ध्वस्त करते हुए सरकारी जमीन को मुक्त  कराया। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत  पुलिस ने भूमि माफियाओं और आदतन अपराधियों के खिलाफ एक सटीक एवं सशक्त अभियान चलाते हुए शहर में अवैध कब्जों के संगठित नेटवर्क पर करारा प्रहार किया।


सेक्टर-31 व सेक्टर-40 क्राइम ब्रांच की टीमों ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट आरएस बाठ  व एचएसवीपी के अधिकारियों के साथ कार्रवाई की। जिसमें भारी पुलिस बल के साथ पर सेक्टर-53 एवं वजीराबाद स्थित एचएसवीपी की सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों की पहचान कर भारी मशीनरी की सहायता से पूरी तरह ध्वस्त किया गया, जिससे सरकारी भूमि को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया गया। इस कार्रवाई में गांव वजीराबाद निवासी अपराधी वीरेंद्र उर्फ लीलू व तरुण उर्फ मोनू उर्फ नंबरदार को टारगेट किया गया। इनकी क्राइम हिस्ट्री रही है। जिनमें हिंसक अपराध, चोरी, मादक पदार्थ तस्करी और रंगदारी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं, तथा ये कई बार जेल जा चुके हैं। जांच में यह भी सामने आया कि इन अपराधियों ने सरकारी जमीन पर अवैध झुग्गी बस्तियां बसाकर कमजोर वर्गों का शोषण किया, उनसे अवैध रूप से किराया वसूला और इन स्थानों का उपयोग संगठित अपराध गतिविधियों के संचालन एवं विस्तार के लिए किया।


पुलिस प्रवक्ता का कहना:
पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार का कहना है कि गुरुग्राम पुलिस सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को शोषण से बचाने के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है। ऐसे खुफिया-आधारित सख्त अभियान भविष्य में और अधिक तीव्रता के साथ जारी रहेंगे, ताकि गुरुग्राम को अपराध मुक्त एवं सुरक्षित बनाया जा सके।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static