अपराधी नितेश उर्फ बंदर पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, 25 करोड़ के अवैध कब्जा ध्वस्त
punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 07:44 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुडग़ांव पुलिस ने सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए कादरपुर रोड नजदीक बिरला नाव्या कम्युनिटी सेंटर स्थित अपराधी नितेश उर्फ बंदर के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह संयुक्त कार्यवाही सेक्टर-31 क्राइम ब्रांच द्वारा संबंधित विभागों के समन्वय से की। आरोपी ने जीएमडीए के बांध की आधा एकड़ जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करके लगभग 50 झुग्गियां बनाई हुई थी। जिससे वह लगभग पांच लाख रुपए महीना अवैध रूप से वसूलता था। इस जमीन की कीमत करीब 25 करोड़ रुपए है।
पुलिस व प्रशासनिक अमले ने कादरपुर रोड नजदीक बिरला नाव्या कम्युनिटी सेंटर स्थित अपराधी गांव कादरपुर निवासी नितेश उर्फ बंदर की अवैध संपत्ति को चिन्हित किया था। जिसमें जीएमडीए के बांध की आधा एकड़ जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करके लगभग 50 झुग्गियां बनाई हुई थी। जिससे वह लगभग पांच लाख रुपए महीना अवैध रूप से वसूलता था। सेक्टर-31 क्राइम ब्रांच के साथ भारी पुलिस बल व प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और इस अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्यवाही सेक्टर-31 क्राइम ब्रांच, जीएमडीए व डीटीपी के समन्वय से की गई। पुलिस की कड़ी निगरानी में सभी अवैध संरचनाओं को हटाकर भूमि को पूर्ण रूप से मुक्त कराया गया तथा पूरे अभियान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखी गई।
जांच में यह भी सामने आया कि इस अपराधी ने सरकारी जमीन पर अवैध झुग्गी बस्तियां बसाकर कमजोर वर्गों का शोषण किया, उनसे अवैध रूप से किराया वसूला और इन स्थानों का उपयोग संगठित अपराध गतिविधियों के संचालन एवं विस्तार के लिए किया।
पुलिस प्रवक्ता का कहना:
पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप कुमार का कहना है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है, जिनमें में मारपीट, छीना झपटी, अपहरण व जबरन वसूली जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। गुरुग्राम पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को शोषण से बचाने के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है। पुलिस द्वारा ऐसे खुफिया-आधारित सख्त अभियान भविष्य में और अधिक तीव्रता के साथ जारी रहेंगे, ताकि गुरुग्राम को अपराध मुक्त एवं सुरक्षित बनाया जा सके।