लिफ्ट के बहाने ''जेब साफ'': कुरुक्षेत्र पुलिस ने दबोचा शातिर ''चोर'', ऐसे करता था पूरी Planning

punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 07:31 PM (IST)

कुरुक्षेत्र, (कपिल शर्मा): हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में पुलिस ने बुजुर्ग किसान को लिफ्ट देकर उसकी जेब से नकदी निकालने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सूरज उर्फ चोटीला निवासी जोड़ियां जिला यमुनानगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 40 हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है।

पुलिस के अनुसार थाना लाडवा में 9 मार्च को यमुनानगर जिले के पिपली माजरा निवासी किसान बलबीर सिंह ने शिकायत दी थी कि वह खेती-बाड़ी करता है। वह लाडवा स्थित बैंक से एक लाख रुपये निकालकर अपनी जेब में रखकर बाजार की ओर जा रहा था।

रास्ता पूछने के बहाने दिया लिफ्ट का झांसा
इसी दौरान इंद्री चौक के पास बाइक पर सवार दो युवक उसके पास आए और मथाना जाने का रास्ता पूछने लगे। किसान ने उन्हें रास्ता बताया तो उन्होंने उसे भी लिफ्ट देने की बात कही। भरोसा कर वह उनके साथ बाइक पर बैठ गया। कुछ दूरी पर रामकुंडी चौक के पास युवकों ने उसे उतार दिया।

जेब से पैसे निकालकर फरार
जब किसान ने थोड़ी देर बाद अपनी जेब चेक की तो उसमें से एक लाख रुपये गायब थे। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और सीआईए-1 टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज को गिरफ्तार कर लिया।

यूपी और यमुनानगर में भी दर्ज हैं केस
सीआईए-1 के इंचार्ज जसबीर सिंह ने बताया कि आरोपी सूरज के खिलाफ एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट और चोरी के मामले उत्तर प्रदेश और यमुनानगर में पहले से ही दर्ज हैं। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है और बाकी रकम की रिकवरी के प्रयास जारी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static