हैवानियत: 17 साल की कराटे स्टार से दुष्कर्म, कोल्ड ड्रिंक में दिया नशा...3 दिन तक बंधक बनाकर किया गैंगरेप
punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 12:00 PM (IST)
कुरुक्षेत्र: पानीपत में 17 वर्षीय नाबालिग कराटे खिलाड़ी ने युवक पर सामूहिक दुष्कर्म करने और बंधक बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता की महिला कोच की शिकायत पर कुरुक्षेत्र महिला थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद मामला आगे की जांच के लिए पानीपत पुलिस को ट्रांसफर कर दिया है।
महिला थाना प्रभारी पुष्पा ने बताया कि 12 मई को कराटे कोच पीड़िता को थाने लेकर आई। ऐसे में जीरो एफआईआर दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल कराया गया। घटना पानीपत में हुई बताई गई है, इसलिए पूरा मामला पानीपत पुलिस को भेज दिया गया है। अब आगे की जांच पानीपत पुलिस की ओर से की जा रही है।
कोच ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पीड़ित लड़की पिछले करीब छह वर्षों से उनके यहां कराटे कोचिंग ले रही थी। आठ मई को एक युवक ने फोन पर लड़की को पानीपत की एक कॉलोनी में बुलाया। जहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर उसे बेहोश कर उससे दुष्कर्म किया।
आरोप है कि आठ मई से 11 मई तक पीड़िता को बंधक बनाकर रखा गया और इस दौरान उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया गया। 11 मई को दो अन्य आरोपियों के पहुंचने के बाद दिल्ली निवासी एक व्यक्ति ने वीडियो कॉल के जरिए पीड़िता पर दबाव डाला कि वह कराटे एसोसिएशन के अधिकारियों के खिलाफ झूठे आरोप लगाए और संस्था को बदनाम करे। इसके बाद आरोपितों ने पीड़िता के साथ दोबारा दुष्कर्म किया। पीड़िता किसी तरह आरोपियों से बच निकली और अपनी कोच को पूरी घटना बताई। इसके बाद कोच ने पुलिस का शिकायत दी। पानीपत पुलिस अब इस मामले में जांच कर रही है।