Operation Muskaan: कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन से सुरक्षित मिलीं 3 लापता बच्चियां, परिवारों में लौटीं खुशियां
punjabkesari.in Thursday, Sep 24, 2026 - 11:36 AM (IST)
कुरुक्षेत्र(कपिल शर्मा): सोनीपत पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत गन्नौर थाना क्षेत्र से लापता हुई तीन नाबालिग लड़कियों को कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन से बरामद किया है। पुलिस ने राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के सहयोग से कार्रवाई करते हुए तीनों को सुरक्षित बरामद किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल और पुलिस आयुक्त ममता सिंह के निर्देशों पर लापता बच्चों की तलाश के लिए ऑपरेशन मुस्कान चलाया जा रहा है। लड़कियों के लापता होने की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उनकी तलाश के लिए टीम गठित की।
गन्नौर थाना प्रभारी निरीक्षक बीर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम में उप निरीक्षक जगदीश कुमार को शामिल किया गया। टीम ने तकनीकी सहायता और उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर बच्चियों की तलाश शुरू की। इस दौरान सोनीपत पुलिस ने जीआरपी और अन्य पुलिस टीमों के साथ समन्वय बनाकर अभियान चलाया।
लगातार जानकारी जुटाने के बाद पुलिस को तीनों लड़कियों के कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन के आसपास होने की जानकारी मिली। इसके बाद सोनीपत पुलिस और जीआरपी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों नाबालिगों को रेलवे स्टेशन से सुरक्षित बरामद कर लिया।
बच्चियों के सकुशल वापस मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों को उनके परिवारों को सौंप दिया। सोनीपत पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन मुस्कान का उद्देश्य लापता बच्चों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाना है। अभियान के तहत पुलिस की टीमें लगातार लापता बच्चों की तलाश में जुटी हुई हैं।