पानी की हौद में गिरा डेढ़ साल का मासूम, मौत
punjabkesari.in Wednesday, Oct 21, 2026 - 10:54 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गांव साढराणा में मंगलवार रात एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला हादसा सामने आया। घर के बाहर खेल रहा डेढ़ साल का एक मासूम बच्चा अचानक पानी से भरी होदी (टंकी) में गिर गया, जिससे डूबने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
जानकारी के मुताबिक, गांव साढराणा निवासी अंशुल कुमार का डेढ़ साल का बेटा हिमांशु घर के आंगन में खेल रहा था। हादसे के समय पिता अंशुल कुमार किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। खेलते-खेलते नासमझ मासूम खेलते-खेलते घर के बाहर बनी पानी की होदी की तरफ पहुंच गया और असंतुलित होकर उसमें जा गिरा। कुछ समय तक घर के किसी भी सदस्य का ध्यान बच्चे की तरफ नहीं गया। जब परिजनों ने बच्चे को आसपास नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की। परिवारवालों की नजर जब होदी की ओर पड़ी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। मासूम हिमांशु पानी की होदी के अंदर डूबा हुआ था।
परिजन बिना एक भी पल गंवाए बच्चे को तुरंत आनन-फानन में एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम हिमांशु को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और परिजनों से बातचीत कर पूरी घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।