पानी की बाेतल खरीदने रुके सगे भाइयों पर स्कॉर्पियो सवार युवकों ने किया हमला
punjabkesari.in Tuesday, Oct 20, 2026 - 06:42 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-36 स्थित द्वारका एक्सप्रेसवे पर बने एक खोखे के पास देर रात गाड़ी रोककर पानी की बोतल लेना दो भाइयों को भारी पड़ गया। नशे में धुत स्कॉर्पियो सवार युवकों ने फब्तियां कसी और पहचान से इनकार करने पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने लोहे की रॉड और लाठियों से पीट-पीटकर एक युवक के चेहरे और सिर की हड्डियां तोड़ दीं और उसे तब तक मारते रहे जब तक वह बेसुध होकर गिर नहीं पड़ा। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आधा दर्जन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
नाथूपुर निवासी कार्तिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 अक्तूबर रात करीब दो बजे वह अपने भाई विजयपाल के साथ अपने मामा के गांव की तरफ से अपनी गाड़ी से घर लौट रहा था। जब वे सेक्टर-36 स्थित एवीएल सोसाइटी को पार कर द्वारका एक्सप्रेसवे के पास पहुंचे, तो विजय सड़क किनारे एक खोखे से पानी की बोतल लेने के लिए नीचे उतरा। इसी दौरान वहां काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार दो युवक शराब के नशे में आए आए, जिनकी पहचान रोहित और राहुल के रूप में हुई। नशे में धुत रोहित और राहुल दोनों भाइयों को भांजा-भांजा कहकर पुकारने लगे। जब पीड़ितों ने कहा कि वे उन्हें नहीं पहचानते और कार्तिक ने अपने मामा के लड़के नवीन खटाना से फोन पर उनकी बात कराई, तो दोनों आरोपी भड़क गए और गालियां देने लगे।
गाली-गलौज से मना करने पर मामला मारपीट तक पहुंच गया। कार्तिक ने जब अपने भाई विजय को गाड़ी में बैठकर निकलने को कहा, तभी रोहित ने पीछे से आकर कार्तिक के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और खून बहने लगा। जब विजय अपने भाई को बचाने आगे बढ़ा, तो रोहित ने वही भारी रॉड विजय के सिर में मार दी, जिससे वह अपना संतुलन खोकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद रोहित जमीन पर गिरे विजय पर लगातार लोहे की रॉड से वार करता रहा। इसी बीच, सफेद रंग की स्कॉर्पियो-एन में सवार होकर सात से आठ अन्य लड़के लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंच गए। इन हमलावरों में अधमरा छोड़कर मौके से फरार हो गए। जांच अधिकारी ने बताया कि शिकायत पर सेक्टर-37 थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।