यमुना में डूबने से 22 वर्षीय युवक की मौत, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
punjabkesari.in Thursday, May 18, 2023 - 07:12 PM (IST)

घरौंडा (विवेक राणा) : लालुपुरा घाट पर यमुना में डूबने से एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक पीर बाबा के मेले में आया हुआ था और अपने भाई के साथ यमुना में नहा रहा था। हादसे की सूचना के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भिजवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
वीरवार को यूपी के रूड़की का रहने वाला 22 वर्षीय हर्षित अपने परिवार के साथ लालुपुरा घाट पर पीर बाबा के मेले में आया था। जहां पर पूजा अर्चना के बाद हर्षित व उसका भाई यमुना में नहाने के लिए उतर गए, लेकिन गहराई होने के कारण दोनों ही युवक डूबने लगे। आसपास के लोगों ने दोनों युवकों को डूबते हुए देखा तो यमुना में छलांग लगा दी। हर्षित के भाई को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन हर्षित को नहीं निकाल पाए। यमुना में ग्रामीणों ने सर्च ऑपरेशन चलाया और करीब एक डेढ़ घंटे बाद हर्षित को पानी से बाहर निकाला गया। डायल 112 की टीम भी सूचना के बाद मौके पर पहुंच चुकी थी। आसपास के लोगों ने हर्षित में सांस होने की बात कही, तो डायल-112 की टीम हर्षित को घरौंडा के सरकारी अस्पताल में लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घरौंडा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भेज दिया। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा और शव परिजनों को सौंपा जाएगा। ईआरवी इंचार्ज राजपाल ने बताया कि लालुपुरा घाट पर यूपी के युवक हर्षित के डूबने की जानकारी मिली है। युवक की मौत हो गई है। शव को कब्जे में लेकर शव करनाल भेज दिया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)