Panipat Crime: यमुना पुल के नीचे मिला युवक का शव, पुलिस पर लगा हत्या के आरोप

punjabkesari.in Monday, May 05, 2025 - 05:35 PM (IST)

पानीपत (सचिन शर्मा): जिले की पुलिस एक बार फिर विवादित सुर्खियों में है। इस बार पानीपत पुलिस पर हत्या के आरोप लगे है। दरअसल, रविवार शाम के समय कांधला निवासी 2 सगे भाई कुरुक्षेत्र से पानीपत के रास्ते उत्तर प्रदेश के कैराना जा रहे थे। आरोप है कि हरियाणा पुलिस के तीन कॉन्स्टेबल ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट की। भाइयों से रुपये छीनने का भी आरोप है। मारपीट के दौरान 22 वर्षीय कांधला निवासी विजय रात में ही लापता हो गया था। सोमवार सुबह विजय का शव सनौली पुलिस चौकी के पास यमुना पुल के नीचे मिला। 

हरियाणा पुलिस ने विजय की हत्या कीः परिजन

परिजनों का आरोप है की हरियाणा पुलिस ने विजय की हत्या कर दी। उन्होंने आरोप लगाते हुए बताया कि हरियाणा के सनौली थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा पर सनौली थाने के एक पुलिस कांस्टेबल ने उनको टेंपो से उतार कर मारपीट की। बाद में टेंपो जैसे ही यमुना पुल पर सनौली पुलिस से नाके पर पहुंचा तो सनौली थाने के तीन कांस्टेबलों में उसे और उसके भाई को टेंपो से नीचे उतार लिया। इसके बाद दोनों के साथ बुरी तरह मारपीट की।

यमुना पुल से नीचे मिला विजय का शव

मृतक का भाई अजय ने बताया कि उसे सनौली पुलिस चौकी में बंद कर दिया, जबकि उसे भाई विजय के पीछे तीनों पुलिस वाले भागे। अजय ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस कर्मियों ने उससे 15 हजार रुपये छीन लिए। पुलिस कर्मियों ने फोन करके उसके पिता अजब सिंह को भी बुला लिया और उससे भी रुपए लिए। जब उसने पुलिसकर्मियों से अपने भाई विजय के बारे में पूछा तो पुलिस ने बताया कि वह भाग गया। पूरी रात विजय का पता नहीं चला। वहीं, सोमवार की सुबह सनौली पुलिस चौकी के पास यमुना पुल से नीचे विजय का शव मिला। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और हरियाणा पुलिस पर आरोप लगाया कि विजय को पुल से नीचे धक्का देकर मार दिया। महिलाओं ने सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया।

पुलिसवालों पर कार्रवाई करने में कोई संकोच नहींः DSP

डीएसपी नरेंद्र कुमार का कहना है कि दोनों भाईयों को कल युवती से छेड़छाड़ के आरोप में पकड़ा था। आज एक युवक का शव मिला है। परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाए है। ये पूरा क्षेत्र सीसीटीवी निगरानी में है। फुटेज चेक की जाएगी। अगर, पुलिसकर्मियों ने मारपीट की है, तो उनपर कार्रवाई करने में कोई संकोच नहीं किया जाएगा।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Deepak Kumar

Related News

static