28 दिन पहले गूंजी थी किलकारी...खुशी में घर लौट रहे फौजी की सड़क हादसे में मौत, परिवार ने गमगीन माहौल में दी अंतिम विदाई
punjabkesari.in Saturday, Oct 17, 2026 - 03:08 PM (IST)
फरीदाबाद (अनिल राठी) : छांयसा पैतृक गांव हीरापुर के जवान दिनेश वशिष्ठ शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। करीब 28 वर्षीय दिनेश की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। जवान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में बेटे के जन्म की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। गांव में भी शोक की लहर है।

दिनेश वशिष्ठ भारतीय सेना की 48 आर्म्ड रेजिमेंट की 22 आरआर यूनिट में एसडब्ल्यूआर रैंक पर तैनात थे। उनकी हालिया तैनाती जम्मू-कश्मीर के बारामूला में थी। दिनेश को सेना में भर्ती हुए करीब सात साल हो चुके थे। चार साल पहले 29 नवंबर को उनकी शादी कोसी निवासी ज्योति से हुई थी। करीब 28 दिन पहले ही ज्योति ने बेटे को जन्म दिया था। बेटे के जन्म की खुशी में दिनेश छुट्टी लेकर घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गए।

हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद फरीदाबाद के सर्वोदय अस्पताल में भर्ती करवाया उसके बाद दिनेश को बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उन्होंने करीब 15 दिन तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष किया, लेकिन आखिरकार वह जिंदगी की जंग हार गए। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक छा गया।

दिनेश के परिवार में उनके पिता सूरज प्रकाश, बड़े भाई जयप्रकाश और दो बड़ी बहनें हैं। वहीं, उनकी पत्नी ज्योति के माता-पिता का भी पहले ही निधन हो चुका है। अब पति को खोने के बाद ज्योति के सामने नवजात बेटे के पालन-पोषण की जिम्मेदारी आ गई है। जिस बच्चे के जन्म की खुशी में पिता घर लौट रहे थे, वह दुनिया में आने के कुछ ही दिनों बाद पिता के साये से वंचित हो गया। गांव में जवान को अंतिम विदाई देते समय हर आंख नम नजर आई।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)