हरियाणा के बॉक्सर का विदेश में डंका; सागर नरवत ब्रिटिश संसद में ''सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस’ से हुए सम्मानित...परिवार और गांव में खुशी

punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2026 - 08:46 PM (IST)

फरीदाबाद (अनिल राठी) : हरियाणा के फरीदाबाद स्थित खेड़ी कलां गांव के प्रोफेशनल बॉक्सर सागर नरवत को ब्रिटिश संसद में सम्मानित किया गया है। वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उन्हें बॉक्सिंग और किकबॉक्सिंग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियों, गरीब बच्चों को मुफ्त बॉक्सिंग प्रशिक्षण देने और विदेश में भारतीय तिरंगे का मान बढ़ाने के लिए ‘सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस’ प्रदान किया गया।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सागर इस तरह ब्रिटिश संसद में सम्मानित होने वाले पहले भारतीय एथलीट बने हैं। उनके सम्मान की खबर से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। इस कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया से हरविंदर ‘सिया’ जैन, ब्रिटेन के हाउंस्लो से पॉल स्मिथ और भारत के हरियाणा से सागर नरवत को सम्मानित किया गया।

यूट्यूब पर बॉक्सिंग मुकाबले देखकर जागा सपना

10 जुलाई 1994 को फरीदाबाद के खेड़ी कलां गांव में जन्मे सागर नरवत को बचपन से ही बॉक्सिंग में दिलचस्पी थी। वह यूट्यूब पर मुक्केबाजी के मुकाबले देखते थे। इन्हीं मुकाबलों ने उन्हें बॉक्सर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने वर्ष 2010 में फरीदाबाद के द्रोणाचार्य बॉक्सिंग क्लब में किकबॉक्सिंग का प्रशिक्षण शुरू किया। यहां कोच राजीव गोदारा और जय भगवान ने उन्हें बॉक्सिंग में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

वर्ष 2011 में सागर ने इसी क्लब में नियमित बॉक्सिंग प्रशिक्षण लेना शुरू किया। शुरुआती दौर में ही उन्होंने जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में 10 से अधिक पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उन्होंने मॉडर्न स्कूल, सेक्टर-17 और विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल, सेक्टर-15ए से पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने नई दिल्ली स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ प्लानिंग एंड मैनेजमेंट से भी शिक्षा प्राप्त की।

 

PunjabKesari

अंतरराष्ट्रीय रिंग में बनाई पहचान, मिला ‘आयरन मैन’ नाम

सागर ने वर्ष 2013 में गुरुग्राम में आयोजित हरियाणा प्रोफेशनल बॉक्सिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता। वर्ष 2015 में 48वीं सीनियर पुरुष हरियाणा राज्य बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी कांस्य पदक हासिल किया। वर्ष 2016 में इंटरनेशनल रूरल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के साथ उन्हें बेस्ट बॉक्सर का पुरस्कार भी मिला।

13 अक्टूबर 2017 को फिलीपींस में आयोजित बकबाकन सादलॉ सैन कालबायोग इंटरनेशनल चैंपियनशिप में सागर ने स्थानीय बॉक्सर जून मामो को हराया। इस जीत के बाद उन्हें ‘आयरन मैन’ की उपाधि मिली। इसी वर्ष उन्होंने सुपर बॉक्सिंग लीग के पहले सीजन में ओपीएम पंजाब सुल्तान की ओर से भी मुकाबले लड़े। लीग में अपने दमदार प्रदर्शन और एक अनुभवी आर्मी बॉक्सर के खिलाफ जीत के बाद उन्हें ‘द शेर’ नाम से भी पहचान मिली।

राहुल कुमार को हराकर जीता WBC एशिया खिताब

साल 2021 सागर के पेशेवर बॉक्सिंग करियर के लिए अहम रहा। उन्होंने ‘द पंच 7’ प्रतियोगिता में दिल्ली के राहुल कुमार को हराकर WBC एशिया बॉक्सिंग काउंसिल कॉन्टिनेंटल सुपर वेल्टरवेट खिताब अपने नाम किया। इस जीत को सागर अपने करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक मानते हैं।

वर्ष 2022 में वह कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भारतीय बॉक्सिंग दल में जगह बनाने की दौड़ में शामिल रहे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उन्होंने जून 2022 में इसके लिए क्वालीफाई भी किया।

गांव में खोली बॉक्सिंग और फिटनेस अकादमी

सागर ने वर्ष 2018 में अपने गांव खेड़ी कलां में ‘सागर नरवत बॉक्सिंग एंड फिटनेस क्लब’ की स्थापना की। इसका उद्देश्य गांव और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को बॉक्सिंग का प्रशिक्षण उपलब्ध कराना था, ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए दूर शहरों में न जाना पड़े।

सागर की उपलब्धियों के साथ उनके सामाजिक योगदान को भी इस सम्मान का आधार बताया गया है। वह गरीब बच्चों को मुफ्त बॉक्सिंग प्रशिक्षण देते रहे हैं। वर्ष 2023 में ब्रिटेन जाने के बाद उनके भाई नितेश नरवत क्लब का संचालन कर रहे हैं।

PunjabKesari

पत्नी के साथ ब्रिटेन में रह रहे सागर

वर्ष 2023 में शादी के बाद सागर अपनी पत्नी मातांगी के साथ ब्रिटेन में रहने लगे। वहां वह हेवी हिटर्स बॉक्सिंग एंड फिटनेस अकादमी चलाते हैं और खुद भी अभ्यास जारी रखते हैं। उनके पिता आरम सिंह हरियाणा पुलिस में सब इंस्पेक्टर पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनके भाई नितेश नरवत मेडिकल क्षेत्र से जुड़े हैं।

सागर वर्ष 2021 में हिंदी गाने ‘चंगा’ के म्यूजिक वीडियो में भी नजर आए थे। यह गाना 31 अगस्त 2021 को बिग बैंग म्यूजिक के यूट्यूब चैनल पर जारी हुआ था।

परिवार ने कहा- सागर ने देश का नाम रोशन किया

सागर को ब्रिटिश संसद में सम्मानित किए जाने पर उनके परिवार में खुशी का माहौल है। उनके पिता आरम सिंह और भाई नितेश नरवत ने कहा कि सागर ने अपनी मेहनत और उपलब्धियों से देश का नाम ऊंचा किया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बॉक्सिंग में पहचान बनाने के बाद अब उन्हें मिले इस सम्मान से परिवार और गांव के लोग गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)   


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static