बेखौफ बदमाश: 2 बाइकों पर आए 4 हमलावरों ने पुलिस जवान को चाकुओं से गोदा, पर्स और मोबाइल लूटकर हुए फरार

punjabkesari.in Saturday, Sep 12, 2026 - 05:30 PM (IST)

अंबाला(अमन): अंबाला शहर के बलदेव नगर इलाके में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब पुलिस कर्मचारी भी सुरक्षित नहीं हैं। गुरुग्राम पुलिस में तैनात कांस्टेबल मुकेश कुमार पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी कांस्टेबल का मोबाइल फोन और पर्स छीनकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल पुलिस कर्मचारी को तुरंत अंबाला शहर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रोडक्शन वारंट रिसीव करवाने आया था जवान
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित मुकेश कुमार गुरुग्राम में पुलिस कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। मुकेश कुमार अंबाला सेंट्रल जेल में एक मामले का प्रोडक्शन वारंट रिसीव करवाने आए थे। जब वे बलदेव नगर इलाके में ऑटो से उतरकर कुछ दूरी पर पैदल चल रहे थे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार नकाबपोश/अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।बदमाशों ने चाकुओं के बल पर उनके साथ मारपीट की और चाकुओं से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद उनका पर्स और मोबाइल फोन छीनकर भाग निकले।

पुलिस कर रही सीसीटीवी खंगालने की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही अंबाला पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।घायल जवान का अंबाला शहर के सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस की टीमें घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि बदमाशों के भागने के रूट और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static