करनाल में बड़ी वारदात: मंगलौरा के सरपंच से 5 करोड़ की फिरौती, स्वागत गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग...परिवार को भी धमकी
punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 04:24 PM (IST)
घरौंडा: मंगलौरा के सरपंच को विदेशी नंबर से फोन कर 5 करोड रुपए की फिरौती मांगी गई। धमकी देने वाले ने परिवार और आवाजाही की जानकारी होने की बात कहते हुए जवाब नहीं देने पर गोली चलाने और बेटे को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। इससे पहले भी सरपंच को 12 अगस्त को फोन पर धमकी मिली थी। अब बीती रान में गांव के स्वागत गेट पर लगे सरपंच के पोस्टर पर फायरिंग की गई। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाते हुए सरपंच को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई है।
जानकारी अनुसार बीती 20 सितम्बर को सरपंच मनजीत मंगलौरा के फोन पर विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने पंजाबी भागा में खुद को एक बड़े गिरोह का सदस्य बताते हुए
5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। उसने कहा कि उसे सरपंच की गतिविधियों और लोकेशन की जानकारी है। यदि मैसेज का जवाच नहीं दिया तो गोली चलेगी और इसका जिम्मेदार सरपंच खुद होगा। कॉल करने वाले ने कहा कि उसका बेटा चंडीगढ़ में घूम रहा है और यदि फोन या मैसेज का जवाब नहीं दिया तो वह अगले दिन घर वापस नहीं आएगा।
इस मामले में 30 सितम्बर को थाना मधुवन में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में सरपंच मनजीत कुमार ने गांव मंगलौरा के 3 युवकों पर रैकी करने और साजिश में शामिल होने का शक जताया है। मंगलौरा चौकी प्रभारी मनजीत सिंह ने बताया कि मंगलौरा अड्डे पर स्वागत गेट पर फायरिंग का वीडियो भी सामने आया है जिसमें 2 युवक नजर आ रहे हैं। घटना की जांच की जा रही है।