नहीं थम रहा रिश्वतखोरी का खेल... करनाल में ACB ने नगर निगम क्लर्क को घूस लेते पकड़ा, जानें पूरा मामला

punjabkesari.in Tuesday, Sep 29, 2026 - 12:55 PM (IST)

करनाल : हरियाणा राज्य सतकर्ता और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को करनाल नगर निगम की टैक्स शाखा में तैनात एक लिपिक को प्रॉपर्टी आईडी में श्रेणी से जुड़ा सुधार करने के लिए 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी गौरव को एसीबी की टीम ने करनाल के नये बस स्टैंड परिसर में शिकायतकर्ता से पैसे लेते हुए गिरफ्तार किया। रिश्वत की पूरी रकम मौके से बरामद कर ली गयी है।

एसीबी के अनुसार शिकायतकर्ता के पिता धर्मबीर और मां परमजीत कौर का एक घर है, जिसकी प्रॉपर्टी आईडी में श्रेणी से जुड़ा सुधार किया जाना था। शिकायतकर्ता ने करनाल नगर निगम के ऑनलाइन पोटर्ल के माध्यम से सुधार के लिए आवेदन किया था। एसीबी का आरोप है कि नगर निकाय की टैक्स शाखा में तैनात गौरव ने सुधार करने के बदले शिकायतकर्ता से 5,000 रुपये की मांग की। शिकायत पर कारर्वाई करते हुए एसीबी की करनाल टीम ने आरोपों की पुष्टि की और जाल बिछाया।

प्रवक्ता ने कहा, 'आरोपी लिपिक को करनाल में नये बस स्टैंड परिसर में शिकायतकर्ता से 5,000 रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।' उन्होंने बताया कि पैसे एक राजपत्रित अधिकारी और एक स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में बरामद किये गये। आरोपी के खिलाफ करनाल में राज्य सतकर्ता और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के थाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static