जननायक एक्सप्रेस से 7 बच्चे रेस्क्यू, पंजाब में बाल श्रम के लिए ले जाने की थी तैयारी...61 बच्चों के होने की थी सूचना
punjabkesari.in Wednesday, Jun 17, 2026 - 10:19 AM (IST)
अंबाला: दरभंगा से पंजाब जा रही जननायक एक्सप्रेस 15211 में बाल तस्करी की सूचना मिलने पर जीआरपी-आरपीएफ की संयुक्त टीमों ने अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर सोमवार रात दबिश दी। ट्रेन के पांच मिनट के ठहराव के दौरान 7 बच्चों को रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू किए गए बच्चे बिहार और उत्तर प्रदेश के बताए गए हैं। हालांकि ट्रेन में 61 बच्चे होने की सूचना थी। जिला युवा विकास संगठन के प्रधान परमजीत सिंह बड़ोला ने बताया कि हेल्पलाइन नंबर पर सूचना मिली थी कि ट्रेन में 10 से 18 वर्ष के बच्चे सवार हैं, जिन्हें पंजाब के विभिन्न शहरों में बाल श्रम के लिए ले जाया जा रहा है। ट्रेन के ठहराव के दौरान सात बच्चों को रेस्क्यू किया।
जिला युवा विकास संगठन के प्रधान परमजीत सिंह बड़ोला ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि उनकी हेल्पलाइन नंबर पर एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के मुताबिक, ट्रेन में करीब 61 बच्चों के सवार होने की बात कही गई थी, जिन्हें पंजाब के अलग-अलग शहरों में बाल श्रम (Child Labour) कराने के मकसद से ले जाया जा रहा था। हालांकि, समय की कमी और ट्रेन के रवाना होने के चलते फिलहाल 7 बच्चों को ही निकाला जा सका। रेस्क्यू किए गए सभी बच्चे बिहार और उत्तर प्रदेश (UP) के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जिनकी उम्र 10 से 18 वर्ष के बीच है।
सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि इन बच्चों को कौन लेकर आ रहा था और इसके पीछे कौन सा बड़ा रैकेट सक्रिय है। इसके साथ ही, ट्रेन में मौजूद अन्य बच्चों की तलाश के लिए आगे के स्टेशनों को भी अलर्ट भेज दिया गया है। रेस्क्यू किए गए बच्चों को फिलहाल बाल कल्याण समिति (CWC) के सुपुर्द कर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है, जहां उनकी काउंसलिंग की जाएगी।