रेवाड़ी-नारनौल रेलमार्ग पर मिला 70 वर्षीय बुजुर्ग का शव, सिर पर चोट के निशान; शिनाख्त में जुटी GRP
punjabkesari.in Sunday, Oct 25, 2026 - 01:33 PM (IST)
रेवाड़ी(महेन्दर भारती): रेवाड़ी-नारनौल रेलमार्ग पर रेलवे स्टेशन से नारनौल की ओर करीब एक किलोमीटर की दूरी पर रेलवे लाइन के पास एक बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में हलचल मच गई। सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस की जांच अधिकारी अनीता मौके पर पहुंचीं और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
70 से 75 वर्ष के बीच है मृतक की उम्र: जांच अधिकारी अनीता ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 70 से 75 वर्ष है। उसका रंग गेहुँआ, चेहरा लंबोतरा तथा बाल काले और छोटे हैं। मृतक की खोपड़ी पर चोट के निशान हैं, जबकि दाहिने पैर का अंगूठा टूटा हुआ है। उसने सफेद बनियान और कमर पर पायजामा पहना हुआ था।
नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया शव: जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल स्थित शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस मृतक की पहचान के लिए प्रयास कर रही है। जांच अधिकारी अनीता ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति दिए गए हुलिये के आधार पर मृतक को पहचानता है, तो राजकीय रेलवे पुलिस को इसकी सूचना दे, ताकि उसके परिजनों का पता लगाया जा सके। उन्होंने बताया कि निर्धारित अवधि तक पहचान नहीं होने की स्थिति में नियमानुसार हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार शव का अंतिम संस्कार करवाया जाएगा।