Haryana: जनवरी 2026 में अपराध दर में 8.24 फीसदी की कमी, महिलाओं से दुष्कर्म संबंधी मामलों में 55% गिरावट

punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 09:50 AM (IST)

चंडीगढ़: पुलिस की रणनीति और लक्षित अभियानों के चलते जनवरी 2025 की तुलना में जनवरी 2026 में कुल पंजीकृत अपराधों में 8.24 प्रतिशत की उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। जहां जनवरी 2025 में कुल 10,115 मामले दर्ज हुए थे, वहीं जनवरी 2026 में यह संख्या घटकर 9492 रह गई। इतना ही नहीं दुष्कर्म मामलों में 54.55 प्रतिशत, एस.सी./एस.टी. मामलों में 32.91 प्रतिशत, डकैती में 77 प्रतिशत तथा अन्य महत्वपूर्ण अपराधों में गिरावट दर्ज की गई है जो हरियाणा पुलिस की प्रोएक्टिव पुलिसिंग को दर्शाती है।

विजन-2026 : सुरक्षित, भरोसेमंद और अपराध-मुक्त हरियाणाः पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने अपना विजन-2026 सांझा करते हुए कहा कि हरियाणा पुलिस का लक्ष्य केवल अपराध पर नियंत्रण नहीं बल्कि एक ऐसा सुरक्षित, संवेदनशील और भरोसेमंद वातावरण तैयार करना है जहां प्रत्येक नागरिक विशेषकर महिलाएं, बच्चे और कमजोर वर्ग खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस करें। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 तक हरियाणा पुलिस साइबर अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा, आपातकालीन प्रतिक्रिया और जनसंपर्क के क्षेत्र में तकनीकी नवाचारों को और विस्तार देगी। महिला सुरक्षा और कमजोर वर्गों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए डी.जी.पी. ने कहा कि राज्य में महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई जिसके परिणामस्वरूप इन मामलों में लगभग 100 प्रतिशत डिटैक्शन रेट हासिल किया गया है। उन्होंने बताया कि बलात्कार के मामलों में 54.55 प्रतिशत की भारी कमी दर्ज की गई है जो 99 मामलों से घटकर 45 रह गए हैं। इसके अतिरिक्त बलात्कार के प्रयास के मामलों में 14.29 प्रतिशत तथा एस.सी./एस.टी. एक्ट के अंतर्गत दर्ज अपराधों में 32.91 प्रतिशत की उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। पॉक्सो एक्ट और छेड़छाड़ के मामलों में भी लगातार गिरावट का रुझान बना हुआ है।

गंभीर, हिंसक और संपत्ति से जुड़े अपराधों पर प्रभावी नियंत्रणः डी.जी.पी. ने बताया कि राज्य में गंभीर, हिंसक एवं संपत्ति से जुड़े अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है। संगठित अपराध, गैंगस्टर्स और नशा तस्करों के विरुद्ध की गई सख्त कार्रवाई का उल्लेख करते हुए डी.जी.पी. ने बताया कि जनवरी माह में पुलिस द्वारा 17 मुठभेड़ की गईं जिनमें 26 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 9 ईनामी बदमाश शामिल हैं। इस अवधि में कुल 9,561 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 810 जघन्य अपराधी, 450 उद्घोषित अपराधी तथा 49 ईनामी बदमाश शामिल हैं।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static