करनाल में बैंककर्मी की दर्दनाक मौत, अचानक असंतुलन कार पुलिया से टकराई, उड़े परखच्चे

punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 02:32 PM (IST)

करनाल:- शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। एक हंसता-खेलता परिवार बारात से लौट रहा था, लेकिन इनकी किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। करनाल के असंध इलाके में रविवार देर रात एक बेकाबू कार पुलिया से टकरा गई। इस खौफनाक हादसे में पानीपत के एक बैंक कर्मी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चमत्कारिक रूप से उनका 6 साल का मासूम बेटा इस हादसे में बाल-बाल बच गया। पिता की मौत की खबर ने पूरे गांव में सन्नाटा पसरा दिया है।

कार का बिगड़ा सतुंलन
जानकारी के अनुसार जैसे ही कार सालवन-कुड़लन मार्ग पर एक संकरी पुलिया के पास पहुंची तो अचानक संतुलन बिगड़ गया। बस फिर क्या था तेज रफ्तार और संकरी सड़क के तालमेल की कमी ने कार को सीधे पुलिया से दे मारा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार की कंडक्टर साइड के परखच्चे उड़ गए। पीछे की सीट पर अपने लाडले के साथ बैठे सुप्पन सिंह उछलकर सीधे अगली विंडस्क्रीन से जा टकराए। गंभीर रूप से घायल सुप्पन सिंह को तुरंत असंध के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रोंगटे खड़े कर देने वाली इस घटना में राहत की बात सिर्फ इतनी रही कि उनके 6 साल के बेटे को मामूली चोटें आईं। मृतक सुप्पन सिंह पानीपत के एक प्राइवेट बैंक में नौकरी करते थे और परिवार का मुख्य आधार थे।

गांववासियों की आंखें हुईं नम
सूचना पाकर असंध थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सोमवार दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गांव उरलाना खुर्द में जैसे ही सुप्पन सिंह का पार्थिव शरीर पहुंचा, पूरे गांव की आंखें नम हो गईं। पुलिस अब हादसे के असली कारणों की बारीकी से जांच कर रही है। 


(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Deepak Kumar

Related News

static