मोबाइल पर आया चालान का मैसेज, बाहर जाकर देखा तो उड़ गए होश... कुरुक्षेत्र में अनोखी कार चोरी!
punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 04:01 PM (IST)
कुरुक्षेत्र(रणदीप): धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में इन दिनों चोरों के हौसले सातवें आसमान पर हैं। बदमाशों के मन से पुलिस का खौफ इस कदर खत्म हो चुका है कि अब वे खाकी से जुड़े रहे लोगों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे। ताजा मामला सेक्टर-8 से सामने आया है, जहां शातिर चोरों ने एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी के घर के बाहर खड़ी कार को बड़े ही शातिराना अंदाज में चुरा लिया। इस चोरी का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित परिवार के मोबाइल पर गाड़ी का 'ओवरस्पीड' चालान कटने का मैसेज आया।
यह पूरी घटना रिटायर्ड एएसआई (ASI) कृष्ण कुमार के घर की है। उनके बेटे अनुज के मोबाइल पर अचानक कार का ओवरस्पीड चालान कटने का एक मैसेज आया। सुबह-सुबह आए इस मैसेज को देखकर अनुज हैरान रह गए। जब उन्होंने तुरंत घर के बाहर जाकर देखा, तो वहां खड़ी सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार गायब थी। इसके बाद जब पड़ोसियों के घरों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे चेक किए गए, तो पता चला कि चोर सुबह करीब 2:30 बजे गाड़ी लेकर रफूचक्कर हो चुके थे।

सामने वाले घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोरों ने कितनी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया चोरों ने पहले मास्टर की (चाबी) से कार का ताला खोला। गाड़ी स्टार्ट होने की आवाज से कोई जाग न जाए, इसलिए चोरों ने कार को स्टार्ट नहीं किया बल्कि उसे धक्का देकर घर से काफी दूर तक ले गए। कुछ दूरी पर जाने के बाद, धक्का दे रहा एक टोपीधारी चोर गाड़ी की कंडक्टर सीट पर बैठ गया और चोर कार स्टार्ट कर फरार हो गए।
रिटायर्ड एएसआई कृष्ण कुमार के भाई ईश्वर ने भावुक होते हुए बताया कि उनके भाई ने अपनी पूरी पुलिस की नौकरी के दौरान सिर्फ मोटरसाइकिल ही चलाई। साल 2024 में जब वे रिटायर हुए, तो उन्होंने अपनी जमापूंजी से यह पुरानी (2019 मॉडल) स्विफ्ट डिजायर कार खरीदी थी। लेकिन चोरों ने उनकी इस गाढ़ी कमाई पर पल भर में पानी फेर दिया।
घटना के बाद अनुज ने तुरंत सेक्टर-7 पुलिस चौकी में मामले की लिखित शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही, जिस हाईवे या रोड पर गाड़ी का ओवरस्पीड चालान कटा है, उस लोकेशन को ट्रेस कर चोरों की धरपकड़ के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।