कुरुक्षेत्र में सनसनी: शुगर मिल के पास खाली दुकान की सीढ़ियों पर मिला युवक का शव, इलाके में फैली दहशत
punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2026 - 11:20 AM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में शुगर मिल के पास एक खाली दुकान की सीढ़ियों पर 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर हुडा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है।
मृतक की पहचान जिला करनाल के गांव रंबा निवासी 25 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल, कुरुक्षेत्र भेज दिया है। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लैब (एसएफएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। हुडा पुलिस चौकी के इंचार्ज महेश कुमार के अनुसार, फिलहाल युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस ने बताया कि विजय कुमार की मौत की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई थी। अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक शाहाबाद कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।